राष्ट्रीय

कोलकाता पुलिस का एक्शन: चुनावी नतीजों के बाद 80 लोग गिरफ्तार, बिना इजाजत जुलूस निकालने पर रोक

कोलकाता में चुनाव बाद हालात काबू में रखने के लिए पुलिस ने 80 लोगों को गिरफ्तार किया। बिना अनुमति जुलूस पर रोक। CRPF की 65 कंपनियां तैनात, अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी जारी।
2 min read
May 06, 2026
Ajay Kumar Nanda
Ajay Kumar Nanda

Bengal Violence: कोलकाता में चुनाव के बाद हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शहर में अलग-अलग इलाकों से अब तक करीब 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग माहौल बिगाड़ने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश कर रहे थे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

बिना इजाजत जुलूस और भीड़ पर रोक

कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने स्पष्ट कहा है कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस या भीड़ इकट्ठा करना पूरी तरह गैरकानूनी होगा। अगर कोई नियम तोड़ता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जश्न या किसी भी सार्वजनिक आयोजन में जेसीबी (JCB) जैसी मशीनों के इस्तेमाल पर भी पूरी रोक है। नियम तोड़ने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।

न्यूटाउन घटना पर कार्रवाई तेज

न्यूटाउन इलाके में हाल ही में हुई घटना को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मामला दो गुटों के बीच टकराव का था। पुलिस ने मौके से कुछ हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

80 गिरफ्तारी, पुलिस का बड़ा दावा

पुलिस कमिश्नर ने बताया की अब तक कुल 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है ताकि शहर में शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, फोर्स तैनात

कोलकाता में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में सीआरपीएफ (CRPF) की 65 कंपनियां और 240 क्विक रिस्पॉन्स टीमें सक्रिय हैं। किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही है।

चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न, लेकिन सतर्कता जारी

पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही है और लोगों ने बिना डर के मतदान किया। कुछ छोटी घटनाओं को छोड़कर कोई बड़ी हिंसा सामने नहीं आई। एक हत्या के मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि इसका संबंध गैंगवार से है, न कि राजनीति से। इस केस में भी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

Updated on:
06 May 2026 04:31 pm
Published on:
06 May 2026 04:20 pm
Also Read
View All