
West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कई जगहों से तनाव की खबरें सामने आई हैं। खासकर दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में राजनीतिक माहौल काफी गरम नजर आ रहा है। इसी बीच पनिहाटी में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जहां भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ को विरोध का सामना करना पड़ा। उनके खिलाफ नारे लगाए गए और उन पर हमला भी किया। रतना ने टीएमसी के लोगों पर इस हमले का आरोप लगाया है।
लगभग 20 महीने पहले आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ हुए रेप और मर्डर मामले ने राज्य की राजनीति को झकझोर दिया था। बीजेपी उम्मीदवार रतना देबनाथ उसी मामले की पीड़िता की मां है। देबनाथ देबनाथ न्याय की मांग को लेकर चुनावी मैदान में उतरी हैं। वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं और उन्होंने इसे अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई बताया है। देबनाथ के अनुसार जब वह पनिहाटी पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ गो बैक के नारे लगाए।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए देबनाथ ने कहा कि उन्हें भगा देने से कुछ हल नहीं होगा, वे फिर आएंगे। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोगों ने उन पर हमला किया है। उन्होंने कहा, मैं अंदर गई थी और सब ठीक था। जब बाहर आई तो एक बुजुर्ग महिला दिखीं जो ठीक से खड़ी नहीं हो पा रही थीं। मैंने किसी से उनकी मदद करने को कहा। तभी 10 मीटर के भीतर तृणमूल के गुंडों ने मुझ पर हमला कर दिया और कहा कि वे मुझे बाहर नहीं जाने देंगे।
मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा, मैं सभी लोगों से आग्रह करती हूं कि वे ईवीएम में बटन नंबर 3 दबाकर वोट करें। मैं जीतूंगी, पनिहाटी जीतेगा और पूरे बंगाल में कमल खिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बूथ नंबर 70 पर मशीन में गड़बड़ी थी, जिसके कारण मतदान देर से शुरू हुआ और समय बढ़ाने की बात कही गई। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नादिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जैसे अहम जिले शामिल हैं, जो परंपरागत रूप से तृणमूल कांग्रेस के गढ़ माने जाते हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक सुबह 11 बजे तक लगभग 40 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।