राष्ट्रीय

West Bengal Election: बंगाल के लिए पीएम मोदी की 6 गारंटी, महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा, घुसपैठियों पर सख्त एक्शन

West Bengal Election: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने बंगाल के हल्दिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए छह बड़ी गारंटी की घोषणा की है। इसमें कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और 7वें वेतन आयोग जैसे मद्दे शामिल है।
2 min read
Apr 09, 2026
PM Modi rally in Haldia
हल्दिया में पीएम मोदी की रैली (फोटो- पीटीआई एक्स पोस्ट)

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल तेज हो चुका है और सभी दल अपनी रणनीति मजबूत कर रहे हैं। राज्य में सभी पार्टियों के बड़े नेताओं की जन सभाएं और रैलियां आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी गुरुवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में जनसभाएं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बंगाल के लिए छह प्रमुख गारंटियों की घोषणा की, जो आगामी चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकती हैं। पीएम मोदी ने पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में रैलियां करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था, रोजगार और विकास के मुद्दों पर सरकार विफल रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी बंगाल को नई दिशा देने के लिए तैयार है।

कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर

प्रधानमंत्री ने अपनी पहली गारंटी कानून व्यवस्था को लेकर दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर लोगों को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और हर अपराध की निष्पक्ष जांच होगी। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने दावा किया कि रेप और अन्य अपराधों की फाइलें दोबारा खोली जाएंगी और दोषियों को सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा। मोदी के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में आम लोगों को सरकारी मदद के लिए संघर्ष करना पड़ता है, जिसे बदलना जरूरी है। यह संदेश सीधे उन मतदाताओं को लक्षित करता है जो सुरक्षा और न्याय के मुद्दों से प्रभावित हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की कही बात

मोदी ने अपनी दूसरी और तीसरी गारंटी में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे मंत्री हों या अधिकारी, भ्रष्टाचार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में भ्रष्टाचार और फर्जी दस्तावेजों का नेटवर्क बढ़ा है। घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शरणार्थियों को सम्मान मिलेगा, लेकिन अवैध घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। यह बयान राज्य की सीमा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के तहत केवल घुसपैठ ही बढ़ी है।

7वां वेतन आयोग लागू करने की गारंटी

प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों को राहत देने के लिए भाजपा की सरकार बनने पर 7वां वेतन आयोग लागू करने की गारंटी दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के डर और दबाव में काम कर रहे कर्मचारियों को सम्मानजनक माहौल मिलेगा। यह कदम सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रभावित कर सकता है। रोजगार के मुद्दे पर मोदी ने कहा कि पहले हल्दिया जैसे क्षेत्रों में देशभर से लोग काम करने आते थे, लेकिन अब स्थानीय युवा रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जा रहे हैं। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर उद्योग, मछली पालन और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

Updated on:
09 Apr 2026 01:35 pm
Published on:
09 Apr 2026 01:35 pm