
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में छठ पूजा को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद कल्याण बनर्जी के बयान पर राज्य के मंत्री इंद्रनील खान ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने TMC पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने बंगाली संस्कृति और लोगों के हितों के लिए कुछ नहीं किया।
सोमवार को इंद्रनील खान ने कहा कि कल्याण बनर्जी को पहले अपनी पार्टी के शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या मां काली की प्रतिमा को जेल की गाड़ी में ले जाना बंगाली संस्कृति है? क्या मुहर्रम के कारण दुर्गा प्रतिमा विसर्जन रोकना बंगाली संस्कृति का हिस्सा है? क्या दारिभीत में बंगाली भाषा के शिक्षक की नियुक्ति की मांग कर रहे छात्रों पर गोलियां चलाना बंगालियों के हित में था? वे सिर्फ बांटने वाली राजनीति करते हैं और कुछ नहीं। अगर उन्होंने बंगालियों के हित में काम किया होता, तो टीएमसी के 15 साल और वामपंथियों के 34 साल के शासन में बंगाल की स्थिति कुछ बेहतर होती।
मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी ताकत है। अलग-अलग समुदायों और संस्कृतियों के लोग देश के विकास में योगदान देते हैं। ऐसे में सभी को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनके साथ खड़ी रहे। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत। देश में विभिन्न समुदायों के लोग योगदान देते हैं। सभी को अपने त्योहार मनाने का अधिकार है और सरकार का कर्तव्य है कि वह उनके साथ खड़ी रहे। लेकिन TMC और वामपंथी दलों ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई।
दरअसल, हावड़ा स्टेशन पर छठ पूजा के लिए की गई भव्य सजावट पर सवाल उठाते हुए टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने राज्य की भाजपा सरकार पर 'बंगाली संस्कृति को नष्ट करने' का आरोप लगाया था। बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु सरकार को घेरते हुए कहा था, 'क्या पश्चिम बंगाल में अब बंगाली बचे भी हैं? क्या यह राज्य बंगालियों का है या बिहारियों का? दुर्गा पूजा के लिए भी ऐसी सजावट नहीं की जाती जैसी छठ के लिए हावड़ा स्टेशन पर की गई है।' उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बंगाली दोयम दर्जे के नागरिक बन गए हैं और राज्य पर गैर-बंगालियों का कब्जा हो गया है।
इस बयान पर मुख्यमंत्री शुभेंदुअधिकारी भी TMC को जवाब दे चुके हैं। उन्होंने छठ पूजा की आलोचना को संकीर्ण सोच और वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया था। अधिकारी ने कहा था कि छठ सनातन परंपरा का पर्व है। इसे केवल बिहार के लोगों तक सीमित नहीं किया जा सकता। इसी तरह गणपति उत्सव केवल मराठियों का और रामनवमी केवल उत्तर प्रदेश के लोगों का त्योहार नहीं है।