ब्रेकअप के बाद एक युवक ने पूर्व प्रेमिका के ई-हैरेसमेंट का अलग तरीका निकाला। पूर्व प्रेमिका को परेशान करने के लिए उसके नाम पर कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल भेजने शुरू कर दिए।
ब्रेकअप के बाद आमतौर पर लड़का और लड़की दोनों अपने-अपने रास्ते में आगे बढ़ जाते है। कई बार ऐसा होता है कि प्यार को ठुकराने के बाद अपनी एक्स प्रेमिका से बदला लेने के लिए ऐसी हरकते करते है, जिससे वह परेशान हो जाती है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। बैंक में काम करने वाली 24 साल की एक लड़की को चार महीने में एक के बाद एक 300 से ज्यादा अनचाही कैश ऑन डिलीवरी आर्डर आए। वह ऑनलाइन डिलीवरी वाले से परेशान हो गई। अंत में कोलकाता के लेकटाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पुलिस को बताया कि बीते कुछ महीनों से लगातार उनको अनचाही डिलीवरी मिल रही है। पुलिस को पहले तो उसके ऑफिस के सहयोगियों पर शक हुआ। जांच के दौरान खुलासा होने पर पुलिस भी हैरान हो गई। पता चला कि ब्रेकअप के बाद एक सनकी लड़ने ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने खुलासा किया है कि लड़की का पूर्व प्रेमी सुमन सिकदर (25) ही कैश ऑन डिलीवरी आर्डर भेज रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अगले दिन बुधवार को साल्टलेक कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जमानत मिल गई। सिकदर नदिया जिले का रहने वाला है।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि लड़की को ऑनलाइन शापिंग का बहुत शौक था। वह अपने पूर्व प्रेमी से आए दिन तोहफा मांगती रहती थी। लड़का उसकी मांगें पूरी नहीं कर पाया और युवती ने ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद बीते साल नवंबर से युवती को कैश आन डिलीवरी आर्डर आना शुरू हो गया। वैलेंटाइन्स डे के दौरान तो हर दिन गिफ्ट्स और कपड़ों के पैकेट आने लगे। कई बार डिलीवरी एजेंट्स से झगड़े भी हो गए।