South 24 Parganas violence: दक्षिण 24 परगना में पुनर्मतदान के दौरान तनाव, महिलाओं ने TMC नेता पर धमकी और डराने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग को लेकर किया विरोध प्रदर्शन।
TMC threat allegations: चुनाव आयोग ने शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर चुनावी धांधली की खबरों के बाद पुनर्मतदान का आदेश दिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 2 मई को मतदान जारी है। इस दौरान फाल्टा इलाके में तनाव उस वक्त भड़क उठा, जब स्थानीय लोगों ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर चल रहे पुनर्मतदान के दौरान उन्हें धमकाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
एक स्थानीय महिला ने कहा, 'हमने TMC को वोट दिया था फिर भी हम पर हमला किया गया… TMC नेता इसराफिल चौकदार ने हमें धमकी दी है। हम चाहते हैं कि उनकी गिरफ्तारी हो। हमें महिलाओं की सुरक्षा चाहिए।' वहीं एक अन्य एक स्थानीय महिला ने कहा, 'TMC नेता इसराफिल चौकदार ने हमें धमकी दी है कि ये लोग अगर जीत गए तो वे यहां हमारे घर जला देंगे और रक्तपात करेंगे।'
महिलाओं ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रधान इसराफिल चोंकदार ने उन्हें भयभीत किया और धमकियां दीं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जान से मारने तक की चेतावनी दी गई है। इन आरोपों के बाद इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल फैल गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए हैं और प्रशासन से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
वहीं इलाके में स्थानीय लोगों की सुरक्षाकर्मियों से तीखी बहस हुई। उनका आरोप है कि TMC नेता उन्हें धमका रहे हैं। स्थिति को नियंत्रण में लाने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। अधिकारी किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने और मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इलाके पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
इस संबंध में अतिरिक्त SP अविषेक ने कहा, 'अभी हालात काबू में हैं… लोगों की कुछ मांग है। कुछ धमकी का मामला है, उस पर केस भी दर्ज किया गया है। हमने उनकी मांगें सुनी हैं।'
इस बीच, EVM स्ट्रांगरूम में कथित अनियमितताओं को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र में एक रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज की है, जिसमें पोस्टल बैलेट कवर की बिना अनुमति के छंटनी का आरोप लगाया गया है। इस केंद्र का इस्तेमाल अभी EVM रखने के लिए स्ट्रांगरूम के तौर पर किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी आरोप लगाया है कि एक स्ट्रांगरूम को बिना अनुमति के खोला गया था, जिसके बाद एक जांच शुरू की गई, जिसमें कथित तौर पर कम से कम छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने 4 मई को शांतिपूर्ण तरीके से दोबारा मतदान और मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।