राष्ट्रीय

IMD Alert: पश्चिमी विक्षोभ से मानसून को मिलेगी रफ्तार, 22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; कई जगह नुकसान

Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मानसून की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Jun 12, 2026
Monsoon rain alert India.
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। (Photo- IANS)

Monsoon Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत में नमी बढ़ रही है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल होगी। मौसम विभाग के अनुसार नमी की कमी के कारण मानसून महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक आदि कुछ हिस्सों में अटक गया था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ से अतिरिक्त नमी बन रही है और इससे अगले 2-3 दिनों में मानसून की महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में और प्रगति होने की संभावना है।

मानसून की उत्तरी सीमा गुरुवार को कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों, तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़कर 18 डिग्री उत्तरी अक्षांश तक पहुंच गई है। गुजरात को छोड़कर देश के लगभग सभी राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं।

पिछले 24 घंटों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भारी से बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई, जबकि बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और तमिलनाडु में मध्यम बारिश हुई।

कई इलाकों में 40 से 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में विक्षोभ के प्रभाव से 13 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद प्री-मानसून की गतिविधियों के प्रभाव से आंधी-बारिश का मौसम बना रहेगा।

आंधी-बारिश से बड़ा नुकसान, 9 जनों की मौत

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को तेज आंधी व बारिश के दौरान कई जगहों पर जान-माल का नुकसान हुआ है। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में 4.5 करोड़ रुपये की लागत वाले ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में तीन लोगों की मौत हो गई। पंजाब के मानसा में तेज आंधी से लोहे का गेट गिरने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत की जानकारी मिली है। बिहार के पटना, बक्सर, सुपौल, खगड़िया समेत कई जिलों में सुबह अंधेरा छा गया और बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हुई।

22 राज्यों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 12 व 13 जून को राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्य, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा समेत 22 राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट वाले राज्यों में आंधी, तूफान, भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका भी है।