राष्ट्रीय

Bihar Election: कौन है बख्तियार खिलजी, जिसकी बिहार चुनाव में हुई एंट्री; जानें अमित शाह ने क्या कहा

Bihar Election: अमित शाह ने कहा कि इस समय एनडीए की सरकार है। अब 100 बख्तियार भी आ जाएं तो नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता है।
2 min read
Oct 25, 2025
Feature image
अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित किया (Photo-X BJP)

Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खगड़िया के बाद अब नालंदा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने तुर्की शासक बख्तियार खिलजी का भी जिक्र किया। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने नीतीश सरकार की तारीफ की भी।

कौन है बख्तियार खिलजी

बता दें कि बख्तियार खिलजी को इख्तियारुद्दीन मुहम्मद बख्तियार खिलजी के नाम से जाना जाता है। वह तुर्की शासक था। बख्तियार खिलजी को मुख्य रूप से बंगाल और बिहार पर उनके सैन्य अभियानों के लिए जाना जाता है। बख्तियार ने नालंदा विश्वविद्यालय में आग लगा दी थी। बताया जाता है कि विश्वविद्यालय में इतनी किताबें थी की कई महीने तक यहां के पुस्तकालय में आग धधकती रही।

अमित शाह ने क्या कहा

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि नालंदा की पावापुरी में ही 24वें तीर्थंकर महावीर स्वामी ने निर्वाण प्राप्ति की थी। यहीं पर नालंदा का विश्व प्रसिद्ध विश्वविद्यालय कुमारगुप्त ने बनाया था, जिसको 12वीं शताब्दी में बख्तियार खिलजी ने जला दिया था।

पीएम मोदी ने फिर से बनाई यूनिवर्सिटी

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा- जब बख्तियार खिलजी ने नालंदा विद्यापीठ जलाई, तब इसके पुस्तकालय से 6 माह तक पुस्तकों के जलने का धुआं उठता रहता था। ये विनाश का काम बख्तियार खिलजी ने किया था, मगर पीएम मोदी ने फिर से विश्वनविद्यालय बनाकर हमारे नालंदा की विरासत को गौराव देने का काम किया है। 

‘नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता’

अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय एनडीए की सरकार है। अब 100 बख्तियार भी आ जाएं तो नालंदा विश्वविद्यालय को कोई हाथ नहीं लगा सकता है। 

लालू-सोनिया पर साधा निशाना

इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव और सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। जो परिवार की राजनीति करते हैं, वो अपने बेटे-बेटियों के लिए सरकार चलाते हैं। वहीं, नरेन्द्र मोदी और नीतीश भारत और बिहार के गरीबों के लिए सरकार चलाते हैं।

Published on:
25 Oct 2025 06:15 pm