राष्ट्रीय

कौन हैं सुजाता कार्तिकेयन? BJD में एंट्री के पीछे क्या है नवीन पटनायक का प्लान

Sujata Karthikeyan BJD: सुजाता कार्तिकेयन कौन हैं, उनका IAS से राजनीति तक का सफर, बीजू जनता दल (BJD) में उनकी एंट्री के मायने, वीके पांडियन से उनका रिश्ता और नवीन पटनायक की रणनीति क्या संकेत देती है।
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2026, 9:17 AM IST
Sujata Karthikeyan joins BJD
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने गुरुवार को भुवनेश्वर में सुजाता कार्तिकेयन के पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत और सम्मान किया। (ANI Photo)

Former IAS officer Sujata Rout Karthikeyan join BJD: ओडिशा के महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में नौकरशाह से नेता बने वीके पांडियन की पत्नी सुजाता राउत कार्तिकेयन गुरुवार को बीजू जनता दल (BJD) में शामिल हो गईं। पार्टी में उनकी एंट्री ऐसे समय हुई है, जब बीजद में अंदरूनी असंतोष बढ़ रहा है और कई नेताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। हालांकि, सुजाता कार्तिकेयन के पार्टी में शामिल होने पर वरिष्ठ नेताओं के एक वर्ग में असहजता देखी गई। इस बीच, बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने साफ संदेश दिया कि पार्टी की कमान अभी भी उनके हाथ में ही रहेगी और इसे लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुजाता कार्तिकेयन पार्टी में एक कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगी।

क्या सुजाता की एंट्री बड़े प्लान का हिस्सा है?

नवीन पटनायक ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में हमेशा किसी भरोसेमंद सहयोगी को सरकार और संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। पूर्व नौकरशाह प्यारीमोहन महापात्र लंबे समय तक यह भूमिका निभाते रहे, लेकिन मतभेदों के चलते उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में निजी सचिव रहे वीके पांडियन को 2024 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के सबसे प्रभावशाली चेहरों में गिना जाता था। चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए भी उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली। हालांकि, वे अब भी नवीन पटनायक के करीबी माने जाते हैं। माना जा रहा है कि पत्नी सुजाता कार्तिकेयन को पार्टी में शामिल कराने में उनकी अहम भूमिका रही है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दबी जुबान में बताया कि बीजद अब सत्ता में नहीं है और नवीन पटनायक की उम्र भी बढ़ रही है। मौजूदा नेताओं में ऐसा कोई चेहरा नहीं है, जिस पर उन्हें दूसरे नंबर के नेता के रूप में पूरा भरोसा हो। ऐसे में पार्टी को भविष्य के लिए तैयार करने और उसे मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से उत्तराधिकार की योजना पर काम किया जा रहा है।

कौन हैं सुजाता कार्तिकेयन?

51 वर्षीय सुजाता कार्तिकेयन ओडिशा की सबसे प्रभावशाली IAS अधिकारियों में गिनी जाती थीं। बीजद सरकार के दौरान उनका नाम विशेष रूप से 'मिशन शक्ति' से जुड़ा रहा। यह महिला सशक्तिकरण के लिए नवीन पटनायक सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक थी।

सुजाता कार्तिकेयन ने मार्च 2025 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली। इससे पहले उनके पति वीके पांडियन ने अक्टूबर 2023 में नौकरशाही से इस्तीफा देकर बीजू जनता दल का दामन थाम लिया था।

सुजाता कार्तिकेयन ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में परास्नातक की डिग्री हासिल की है। IAS प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु अधिकारी के लिए अशोक बोमबावले पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान ही उनकी मुलाकात वीके पांडियन से हुई, जिसके बाद दोनों ने विवाह कर लिया। शादी के बाद वीके पांडियन ने पंजाब कैडर छोड़कर ओडिशा कैडर जॉइन किया। दंपति के दो बच्चे हैं।

Updated on:
26 Jun 2026, 9:17 AM IST
Published on:
Also Read
View All
Punjab Election 2027: क्या चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में होगी वापसी? सचिन पायलट ने क्या कहा

क्या बारिश से फीकी पड़ेगी अनंत सिंह की बेटी की शादी की रौनक? छोटे सरकार बोले- घुड़दौड़ और महाभोज सब होगा, इंग्लैंड हो या बिहार सबको न्योता है

केरल कांग्रेस में गुटबाजी तेज, कई वरिष्ठ नेताओं ने खरगे से की मुलाकात; CM सतीशन की कार्यशैली पर उठे सवाल

“मजबूरी का गठजोड़”: भाजपा-अकाली दल की नजदीकियों पर सचिन पायलट का बड़ा बयान बोले- पंजाब में बदलाव तय

Bisleri के पानी पर उठे सवाल तो कंपनी ने दी सफाई, कहा- हमारा पानी पूरी तरह सुरक्षित; 90 से ज्यादा टेस्ट से गुजरती है हर बोतल