राष्ट्रीय

छेड़खानी करने से रोका तो बौखला उठे 2 मनचले, महिला पर सरेआम डाल दिया खौलता हुआ तेल, हालत गंभीर

गिरिडीह में छेड़खानी का विरोध करने पर दो मनचलों ने महिला पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
2 min read
Dec 22, 2025
Feature image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो- पत्रिका)

झारखंड के गिरिडीह जिले में दो मनचलों ने एक महिला पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेदा पंचायत के गादी गांव में रविवार देर शाम की यह घटना बताई जा रही है। छेड़खानी का विरोध करने पर दो युवकों ने महिला पर खौलता तेल डाल दिया।

इस घटना के बाद महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

हाथ-पैर बुरी तरह से झुलसे

डॉक्टरों ने बताया कि महिला के पैर और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। यह भी जानकारी मिल रही है कि पीड़िता का पति दिव्यांग है। महिला अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए गांव में ही फास्ट फूड की एक छोटी दुकान चलाती है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, रविवार की शाम दुकान पर कुछ युवक पहुंचे और महिला के साथ अश्लील हरकतें व छेड़खानी करने लगे। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार

इस बीच, एक युवक ने दुकान पर समोसा तलने के लिए रखे खौलते तेल को महिला पर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी मनीष चौधरी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इधर, घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
22 Dec 2025 01:46 pm
Published on:
22 Dec 2025 01:46 pm