
PM Modi on Bihar Museum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 140वें एपिसोड में पटना स्थित बिहार संग्रहालय की ऐतिहासिक उपलब्धि की जमकर तारीफ की। बिहार संग्रहालय ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में 9वां और पूरे एशिया में पहला स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि बिहार संग्रहालय ने पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के द मेट जैसे विश्वप्रसिद्ध संस्थानों संग्रहालयों को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं कि बिहार संग्रहालय में ऐसी क्या खास बात है, जिसने इसे दुनिया के प्रमुख संग्रहालयों में जगह दिलाई है।
मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मेरा आपसे एक आग्रह है, आप जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजियम्स के बारे में भी जरूर पता करें। हाल ही में भारत के म्यूजियम्स से जुड़ी कुछ ऐसी खबरें आई हैं, जो बहुत उत्साह बढ़ाने वाली हैं। साथियों, पटना में स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम्स की एक लिस्ट में 9वां स्थान मिला है। इस लिस्ट में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। आपने पेरिस के Louvre म्यूजियम का नाम सुना होगा। न्यूयॉर्क का The Met म्यूजियम भी दुनिया में बहुत प्रसिद्ध है। बिहार म्यूजियम इस लिस्ट में इन दोनों से आगे है।"
बिहार संग्रहालय की यह रैंकिंग जर्मनी स्थित ट्रैवल गाइड वर्थ अ जर्नी द्वारा प्रकाशित दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालय 2026 की सूची में आई है। इस सूची में पटना का बिहार संग्रहालय 9वें स्थान पर है, जबकि न्यूयॉर्क का मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट 10वें स्थान पर और पेरिस का लूव्र 31वें स्थान पर है। इस सूची में मेक्सिको सिटी का म्यूजियो नैशनल डी एंट्रोपोलोगिया पहले स्थान पर, मैड्रिड का म्यूजियो डेल प्राडो दूसरे स्थान पर और डेनमार्क का लुइसियाना म्यूजियम ऑफ मॉडर्न आर्ट तीसरे स्थान पर है। इस सूची में शामिल होने वाला बिहार संग्रहालय एकमात्र भारतीय संग्रहालय है।
बिहार संग्रहालय को यह अंतरराष्ट्रीय पहचान यूं ही नहीं मिल गई है। इसकी खासियत इसके वास्तुशिल्प और इतिहास को पेश करने के इसके अनोखे अंदाज में छिपी है। यहां बिहार के इतिहास को प्रागैतिहासिक काल से लेकर 18वीं सदी तक कई समर्पित गैलरियों के माध्यम से दिखाया गया है। इस संग्रह में प्राचीन मूर्तियां, दुर्लभ सिक्के, पांडुलिपियां और लोक कला से जुड़ी कलाकृतियां शामिल हैं। इन दीर्घाओं में आने वाले लोग बिहार के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक अतीत की यात्रा करते हैं। यहां बच्चों के लिए भी एक अलग गैलरी बनाई गई है, जिससे नई पीढ़ी रोचक तरीके से इतिहास और अपनी विरासत से जुड़ सके।
बिहार संग्रहालय की पहचान यहां रखी गई वस्तुओं और उन्हें प्रदर्शित करने के तरीके से भी बनती है। यहां की सबसे मशहूर चीजों में से एक है मौर्यकालीन दीदारगंज यक्षी की मूर्ति, जो लगभग 2,500 साल पुरानी है। चुनार के बलुआ पत्थर से बनी यह प्राचीन मूर्ति लंबे समय तक पुराने पटना संग्रहालय का मुख्य आकर्षण रही थी।
2017 में संग्रहालय के डिजाइन के दौरान इस बात पर चर्चा हुई कि दीदारगंज यक्षी को कहां रखा जाए। अंत में इसे ऐसी जगह रखने का फैसला किया गया, जहां तक पहुंचने के लिए दर्शकों को बिहार के इतिहास से जुड़ी कई दीर्घाओं से होकर गुजरना पड़े।
यह संग्रहालय भारत के पारंपरिक औपनिवेशिक दौर के संग्रहालयों से बिल्कुल अलग अनुभव देता है। यहां आने वाले लोग बिहार के इतिहास की एक ऐसी यात्रा करते हैं, जो 400,000 ईसा पूर्व और पाटलिपुत्र के स्वर्ण युग से लेकर 18वीं सदी तक फैली है। यहां रखी गई हर मूर्ति, पेंटिंग और कलाकृति को बहुत ही बारीकी और सावधानी से संजोया गया है।
तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 2009 में इस संग्रहालय की कल्पना की गई थी और इसका उद्घाटन 2017 में हुआ। उद्घाटन के बाद म्यूजियम की लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत को लेकर इसकी आलोचना हुई थी। लेकिन आज यह न केवल लंदन के ब्रिटिश म्यूजियम, पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के द मेट' जैसे विश्व-प्रसिद्ध संस्थानों को कई रैंकिंग में पीछे छोड़ चुका है, बल्कि इसने दुनिया के सामने बिहार की एक नई, समृद्ध और गौरवशाली सांस्कृतिक छवि भी पेश की है, जो राजनीति और पिछड़ेपन की आम धारणाओं से बिल्कुल अलग है।