
China India Relations: नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात में एक चौंकाने वाला बयान दिया। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और भारत आपस में प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि साझेदार हैं, और दोनों देश एक-दूसरे के विकास के लिए खतरा नहीं बल्कि अवसर हैं।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि पिछले दो वर्षों में शी जिनपिंग और पीएम मोदी की यह दूसरी मुलाकात है, जिससे दोनों देशों के रिश्ते 'रीस्टार्ट' से आगे बढ़कर सुधार की दिशा में बढ़े हैं। इस दौरान संस्थागत आदान-प्रदान फिर से शुरू हुए हैं, सहयोग के क्षेत्र बढ़े हैं और द्विपक्षीय व्यापार नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है।
मंत्रालय के अनुसार, दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देशों और ग्लोबल साउथ के अहम सदस्यों के तौर पर चीन-भारत पर बड़ी जिम्मेदारी है। दोनों देशों को मानवता के भविष्य और अपनी जनता की भलाई को प्राथमिकता देते हुए ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन को ब्रिक्स की मौजूदा अध्यक्षता में एक-दूसरे का साथ देना चाहिए और संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) तथा G20 जैसे मंचों पर सहयोग को और मजबूत करना चाहिए। दोनों देशों को वैश्विक चुनौतियों का सामना मिलकर करने और अंतरराष्ट्रीय निष्पक्षता व न्याय का समर्थन करने का आह्वान भी किया गया।