
नीमच. मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध व्यापार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने बुधवार को लगभग 40 टन से अधिक मादक पदार्थों एवं मन:प्रभावी औषधियों का रिकॉर्ड स्तर पर विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई।
फैक्ट फाइल
29 प्रकरणों में जब्त 40 टन से अधिक मादक पदार्थ नष्ट
21 हजार 521 किलोग्राम 150 ग्राम से अधिक पोस्ता भूसा और 8 हजार 555 किलोग्राम अफीम ब्लैक सीड्स
15 किलो हेरोइन और 44.755 किलो मेफेड्रोन का भी विनष्टीकरण
67 हजार से अधिक कोडीन सिरप बोतलें और लाखों नशीली गोलियां नष्ट
37.649 किलो अफीम फैक्ट्री में जमा कराई जाएगी
29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ किया नष्ट
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार 29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को एनडीपीएस अधिनियम 1985 एवं भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। विनष्टीकरण के दौरान मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। विनष्ट किए गए मादक पदार्थों में 21,521.150 किलोग्राम पोस्ता भूसा, 8,555 किलोग्राम अफीम ब्लैक सीड्स, 15 किलोग्राम हेरोइन, 44.755 किलोग्राम मेफेड्रोन, 352 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 631 ग्राम अल्प्राजोलम पाउडर शामिल है। इसके अलावा 67,346 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप, 1 लाख 39 हजार 260 ट्रामाडोल टैबलेट, 1 लाख 04 हजार 495 पेंटाजोसिन इंजेक्शन, 1 लाख 47 हजार 095 लाख बुप्रेनॉर्फिन एम्प्यूल्स, 1 लाख 95 हजार 380 लोराजेपाम टैबलेट, 1 लाख 83 हजार 200 क्लोनाजेपाम टैबलेट तथा 1 लाख 61 हजार 800 अल्प्राजोलम टैबलेट सहित अन्य मन:प्रभावी औषधियों का भी विनष्टीकरण किया गया।
साढ़े 37 किलो अफीम भेजी जाएगी फैक्ट्री
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि 8 अन्य प्रकरणों में जब्त कुल 37.649 किलोग्राम अफीम को नियमानुसार जमा कराने के लिए अफीम फैक्ट्री नीमच भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनष्टीकरण इन पदार्थों के दोबारा दुरुपयोग की संभावनाओं को समाप्त करता है। समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सीबीएन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध उसकी कार्रवाई आगे भी शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत लगातार जारी रहेगी। ब्यूरो ने नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।