
Protest Against BJP MLA Video- मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद विधानसभा क्षेत्र के गांव में रविवार को हंगामा मच गया। ग्राम बांगरेड़ में रविवार को आयोजित उप स्वास्थ्य केंद्र भवन (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) के लोकार्पण कार्यक्रम का माहौल उस समय गरमा गया, जब लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों ने भाजपा विधायक ओमप्रकाश सखलेचा (BJP MLA Omprakash Sakhlecha) का घेराव कर दिया। चुनाव के दौरान किए गए सड़क निर्माण के वादे पूरे नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें "चोर-चोर" कहकर संबोधित किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग विधायक पर अपना वादा पूरा नहीं करने के आरोप लगा रहे हैं। बता दें कि,ओमप्रकाश सखलेचा जावद विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार निर्वाचित हो चुके है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांगरेड़ में करीब 65 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण करने विधायक ओमप्रकाश सखलेचा पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और आधुनिक सुविधाओं की बात की जा रही थी, तभी ग्रामीणों ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि खेडा बांगरेड़ और बांगरेड़ के बीच की सड़क वर्षों से खराब हालत में है। बारिश के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक सखलेचा ने सड़क निर्माण का वादा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया।ग्रामीणों ने विधायक से सवाल किया कि जब मूलभूत सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं हैं, तो स्वास्थ्य केंद्र और विकास कार्यों के दावे किस काम के हैं।
बताया जाता है कि ग्रामीणों के सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही विधायक सखलेचा वहां से रवाना होने लगे, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और चारों ओर से घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान "सड़क दो-सड़क दो" और "चोर-चोर" जैसे नारे भी लगाए गए। मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक से वादा पूरा करने की मांग की और वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोध के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान विधायक के सुरक्षा कर्मियों और कुछ ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों और जिम्मेदार व्यक्तियों ने मामला शांत कराया।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों का आक्रोश और विधायक के खिलाफ की जा रही नारेबाजी स्पष्ट दिखाई दे रही है। घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा को भी गर्म कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं,बल्कि सड़क निर्माण का काम धरातल पर देखना चाहते हैं। वहीं इस मामले में विधायक पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।