
Neemuch Looteri Dulhan: मध्यप्रदेश में एक बार फिर लुटेरी दुल्हन ने एक युवक को अपना शिकार बनाया है। मामला नीमच जिले के जावद का है जहां शादी के 17 दिन बाद ही लुटेरी दुल्हन घर से 5 लाख के जेवरात और नकदी लेकर रात के अंधेरे में फरार हो गई। पीड़ित पति ने ग्रामीणों के साथ पुलिस थाने पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तारापुर निवासी ओमकारलाल माली के पास गांव के ही एक परिचित और नीमच व अचारी के रहने वाले अन्य साथियों (जिनमें लोकेश मंदारा, शिवनारायण उर्फ सीनू रावत, अरविंद रावत और सूरजमल मीणा शामिल हैं) ने राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र के भूरा गांव निवासी युवती सरिता उर्फ चंपा से शादी कराने का प्रस्ताव रखा था। इसके एवज में तीन लाख रुपये की मांग की गई। घर बसाने की चाह में जब बातचीत तय हुई, तो 15 हजार रुपये एडवांस दिए गए और बाद में परिजनों की सहमति से तीन लाख रुपये नकद देकर मई के मध्य (17-18 मई) में भूरा गांव में दोनों की शादी संपन्न कराई गई।
शादी के बाद दुल्हन कुछ दिन ससुराल में रही, लेकिन वह लगातार अपने कथित भाइयों के संपर्क में थी और मायके जाने का बहाना बनाकर आती-जाती रही। साजिश के तहत 4 जून की रात करीब 8 बजे युवती के पास फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर निकली। बाहर पहले से ही एक कार उसका इंतजार कर रही थी। वह अपने साथ सोने का टीका, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, करीब 550 ग्राम चांदी के आभूषण, दिवंगत सास की अंगूठी सहित लगभग पांच लाख रुपये के जेवरात और 37 हजार रुपये की नकदी समेटकर कार में बैठकर फरार हो गई। जब पीड़ित ने युवती के कथित भाई से फोन पर संपर्क किया, तो उसने भी गोलमोल जवाब देते हुए केवल इतना कहा कि वे उसे ढूंढ रहे हैं।
नीमच एसपी राजेश व्यास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जावद थाने में शिकायत प्राप्त हुई है कि पिछले महीने हुई शादी के बाद दुल्हन गहने लेकर गायब हो गई है। पुलिस ने इस शिकायत को तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। महिला के मायके और अन्य संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम भेजी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।