नीमच

सीबीएन ने तस्करों के कब्जे से डेढ़ किलो अफीम और 100 ग्राम एमडी ड्रग की जब्त

मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते दी दबिश, एक तस्कर बाइक छोड़ मक्का के खेत के पास मादक पदार्थ फेंक हुआ फरार, एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
2 min read
Jul 18, 2026
Neemuch Breaking News
आरोपी के कब्जे से बरामद एमडी पाउडर।

नीमच. केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए 1.636 किलोग्राम अवैध अफीम और 100 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया है। दोनों मामलों में तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

मोटरसाइकिल छोड़ खेत में भागा
पहली कार्रवाई 15 जुलाई को गरोठ सेल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना थी कि पिपलोद क्षेत्र से मऊ-नीमच मार्ग की ओर एक मोटरसाइकिल सवार अवैध अफीम लेकर जा रहा है। सीबीएन टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भाग निकला। पीछा किए जाने पर वह मक्का के खेत में पहुंच गया, जहां रास्ता बंद मिलने पर मोटरसाइकिल छोडकर अपने पास रखा पैकेट फेंकते हुए फरार हो गया। मौके से बरामद पैकेट की जांच में 1.636 किलोग्राम अवैध अफीम मिली। एनडीपीएस अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई पूरी कर अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। फरार तस्कर की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।वाइजर और

स्पीडोमीटर के बीच मिली एमडी
दूसरी कार्रवाई 16 जुलाई को विश्वसनीय सूचना मिलने पर की गई। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से सुसनेर क्षेत्र से शामगढ़ की ओर मेफेड्रोन की खेप पहुंचाने जा रहा था। सीबीएन टीम ने ग्राम धमनिया दीवान स्थित 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के वाइजर और स्पीडोमीटर के बीच बने हिस्से में छिपाकर रखा गया 100 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया तथा मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी गिरोह के आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क (फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक) की जांच की जा रही है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
18 Jul 2026 11:42 am
Published on:
18 Jul 2026 11:42 am