
Neemuch News :मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद में नशामुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने देश के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसके तहत तस्करों से जब्त की गई लगभग 200 करोड़ रुपए मूल्य की भारी मात्रा में ड्रग्स और मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है।
नीमच नारकोटिक्स ब्यूरो के डिप्टी कमिश्नर और कोटा, राजस्थान के सीबीएन अधिकारियों की विशेष निगरानी में गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में इस पूरी निस्तारण प्रक्रिया को पूरा किया गया है। मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए नीमच जिले के खोर स्थित विक्रम सीमेंट अल्ट्राटेक फैक्ट्री के विशालकाय बॉयलर का चयन किया गया, जहां 1700 से 1800 डिग्री सेल्सियस के अत्यधिक उच्च तापमान पर इस काले कारोबार की खेप को आग के हवाले कर दिया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में करीब 21 टन डोडाचूरा, 45 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन), 15 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन, 85 क्विंटल काला दाना (पोस्ता दाना) सहित सिंथेटिक ड्रग्स, और करीब 10 लाख नशीली टैबलेट, इंजेक्शन व कैप्सूल (जिनमें ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, कोडीन और पेंटाजोसिन जैसी प्रतिबंधित दवाएं शामिल हैं, जिन्हें पूरी तरह खाक कर दिया गया है।
कारर्वाई से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कोर्ट और नियमों की सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है, जिसमें कुछ बेहद पुराने मामलों की ड्रग्स भी शामिल थीं। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने इस बड़ी कार्रवाई के जरिए ड्रग्स तस्करों और अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए साफ कर दिया है कि देश और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सीबीएन कानून के दायरे में रहकर ऐसी सख्त और ताबड़तोड़ कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रखेगी।