
Neemuch News :मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच जिले के मनासा पहुंच रहे हैं, जहां प्रशासन और भाजपा संगठन द्वारा उनके स्वागत की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री अपने इस दौरे के दौरान नीमच, मनासा और जावद, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। वहीं, इस दौरे के अगले दिन यानी बुधवार को गांधीसागर में चंबल की लहरों के बीच प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्र और प्रदेश के विकास से जुड़े कई बड़े नीतिगत फैसलों पर मंथन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज दोपहर 3 बजे हेलीकॉप्टर से गौशाला के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे हेलीपैड से कृषि उपज मंडी तक करीब सवा किलोमीटर लंबे भव्य रोड शो में शामिल होंगे, जिसके स्वागत के लिए पूरे मार्ग को सजाया गया है। रोड शो के संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।
दौरे के दौरान स्थानीय स्तर पर कई विशेष कार्यक्रम और मांगें भी मुख्य आकर्षण रहेंगी। ग्राम कंजार्डा में गौशाला निर्माण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा 2.97 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिसके आभार स्वरूप मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू द्वारा मुख्यमंत्री को मंच पर गाय और बछड़ा भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, क्षेत्र के उच्च शिक्षा और शोध विकास को बढ़ावा देने के लिए महागढ़ में कृषि महाविद्यालय और रिसर्च सेंटर खोलने की प्रमुख मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी।
इलाके के अन्य अहम मुद्दों और विकास योजनाओं पर भी विशेष फोकस रहेगा। मनासा नगर और 29 गांवों में गंगाबावड़ी पेयजल योजना से पानी नहीं मिलने की समस्या के समाधान के लिए इन सभी क्षेत्रों को गांधीसागर पेयजल योजना से जोड़ने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अलावा, क्षेत्र में देश के सबसे बड़े पंप स्टोरेज हाइड्रो एनर्जी प्रोजेक्ट को आर्थिक उन्नति का बड़ा जरिया बताया गया है और रामपुरा की तर्ज पर खिमला गांव के विकास पर 10 करोड़ रुपए खर्च किए जाने की बात कही गई है।
नगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल और स्टेडियम के शेष बचे तकनीकी कार्यों को भी जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। तैयारियों के इस जायजे के दौरान नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार और भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।