नीमच

Neemuch News: ‘बेटी तुम्हारे मम्मी-पापा नीचे बुला रहे हैं’…गार्ड की सतर्कता से टली अनहोनी

Child Abduction Attempt: सुरक्षा गार्ड आगे बढ़ा तो बच्ची को छोड़कर भागा संदिग्ध व्यक्ति, मां बोली- पास में भर्ती महिला से मिलने बाहर गई थी, सीसीटीवी से आरोपी की पहचान की जा रही है।
2 min read
Aug 19, 2026
neemuch child abduction attempt
district hospital trauma centre child abduction attempt, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (source- ai)

Neemuch Child Abduction Attempt: मध्यप्रदेश के नीमच के जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर से एक 8 साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की संदिग्ध व्यक्ति की कोशिश, ट्रॉमा सेंटर में तैनात गार्ड की सतर्कता के कारण नाकाम हो गई। संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जा रहा था, तभी गार्ड को उस पर शक हुआ और जब गार्ड उसकी तरफ आगे बढ़ा तो आरोपी बच्ची को छोड़कर भाग गया। आरोपी के भागने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

गार्ड की सतर्कता से टली अनहोनी

जिला अस्पताल में स्थित ट्रॉमा सेंटर की ऊपरी मंजिल पर बने मेडिकल वार्ड में मंगलवार को एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा हुआ था। इस दौरान उसने पास में ही बच्ची से बातचीत की और उसे बताया कि उसके माता-पिता नीचे चले गए हैं। इसके बाद वह बच्ची को अपने साथ नीचे ले जाने लगा। संदिग्ध की गतिविधियां देखकर सुरक्षा गार्ड सतर्क हो गया और उसकी ओर बढ़ा। गार्ड को आता देख संदिग्ध बच्ची को छोड़कर वहां से भाग गया।

देखें वीडियो-

अस्पताल में मचा हड़कंप

बच्ची की मां ने बताया कि वह पास के बेड पर भर्ती एक महिला को देखने के लिए कुछ देर के लिए वार्ड से बाहर गई थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को बहलाकर अपने साथ ले जाने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल स्टाफ और बच्ची के परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद कैंट थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची और उसके परिजनों से पूछताछ की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है और फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्ध की अस्पताल में मौजूदगी और बच्ची के आसपास उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में बालिका को अगवा किए जाने की कोशिश होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
19 Aug 2026 05:06 pm
Published on:
19 Aug 2026 05:06 pm