नीमच

MP में बेटी हुई तो पति ने खाने में मिला दिया जहर, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रही महिला

MP News: मध्य प्रदेश में दहेज व प्रताड़ना से तंग आकर महिला का सनसनीखेज आरोप। आईसीयू में चल रही जिंदगी की जंग।
2 min read
Apr 25, 2026
Husband Poisons Wife Food After She Gives Birth to a Daughter MP News
Husband Poisons Wife Food After She Gives Birth to a Daughter (Patrika.com)

MP News: मध्य प्रदेश के नीमच जिले से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके पति ने जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। पति ने ऐसा खौफनाक कदम इसलिए उठाया क्योंकि महिला ने अपनी कोख से बेटा नहीं बल्कि बेटी को जन्म दे दिया। महिला फिलहाल आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच लड़ रही है। महिला ने ये भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके ससुराल और पति के खिलाफ शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की।

ये है पूरा मामला

दरअसल, जिले के देपालपुरा क्षेत्र में 22 वर्षीय विवाहिता किरण (पति दीपक बंजारा) ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसे दहेज और बेटी जन्म देने के कारण लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा और शनिवार सुबह उसे जबरन जहर मिला खाना खिला दिया गया। पीड़िता किरण के अनुसार उसकी सास कंकु बाई (पति खीमा बंजारा) और जेठानी बतूल बंजारा आए दिन उसके साथ झगड़ा करने के साथ ही उसे मानसिक-शारीरिक रूप से परेशान करती थीं।

जबरदस्ती खिलाया जहर

किरण ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह उसकी सास ने खाने में जहर मिलाकर जबरदस्ती उसे खिला दिया। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में ससुराल पक्ष के लोग उसे मनासा अस्पताल में छोड़ कर फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी जांच की। प्राथमिक जांच में महिला को जहर दिए जाने की पुष्टि हुई। घटना की जानकारी पर मायका पक्ष मनासा हॉस्पिटल पहुचा। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया,जहां वह वर्तमान में आईसीयू में भर्ती है और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

बेटी होने के बाद बढ़ी प्रताड़ना

किरण ने बताया कि उसकी शादी को चार साल हो चुके हैं और उसकी 6 माह की एक बच्ची है। उसने आरोप लगाया कि बेटी होने के बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसकी प्रताड़ना और बढ़ गई थी। उसे ताने दिए जाते थे पीड़िता ने यह भी कहा कि उसकी बच्ची को भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप

महिला ने मनासा पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में पीड़िता के मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल किरण का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं के प्रति हो रहे अत्याचारों और दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर करती है।

Updated on:
25 Apr 2026 07:43 pm
Published on:
25 Apr 2026 07:43 pm