नीमच

अब सौहार्दपूर्ण माहौल में निकलेगा मोहर्रम पर जुलूस

पहले प्रशासन के निर्णय के खिलाफ जुलूस निकालने से किया था इंकार
2 min read
Sep 13, 2018
Letest News In Hindi Neemuch
बैठक में लिया समाजजनों ने महत्वपूर्ण निर्णय

नीमच. मोहर्रम पर पूरे जिले में सौर्हादपूर्ण महौल में जुलूस निकाला जाएगा। प्रशासन और अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया निर्णय। पूर्व में समाजजनों ने मोहर्रम पर जुलूस नहीं निकालने का निर्णय लिया था। मुस्लिम समाज की ओर से मोहर्रम पर जुलूस निकालने का निर्णय लेकर साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल भी पेश की है। शहर में गणेश चतुर्थी और मोहर्रम इस बार पास होने से भी माहौल पूरी तरह धर्ममय हो गया है।

बैठक में लिया समाजजनों ने महत्वपूर्ण निर्णय

मोहर्रम पर्व को लेकर मुस्लिम समाजनों की एक आवश्यक बैठक रखी गई। बैठक में छावनी, बघाना और नीमच सिटी के समस्त अखाड़ों के उस्ताद और ताजियों के सदर सहित वरिष्ठ समाजजन शामिल हुए थे। बैठक कमल चौक स्थित 50 नंबर बंगला परिसर में रखी गई थी। बैठक में जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा बनाए जा रहे दबाव को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। प्रशासन के नियमों को लेकर समाजजनों में कुछ रोष था। समाजजनों का कहना था कि जिन शर्तों को लादा जा रहा है आज से पहले ऐसी कोई शर्त नहीं लगाई गई थी। प्रशासन के मनमाने निर्णय को लेकर बैठक में मोहर्रम पर जुलूस नहीं निकालने का समाजजनों ने निर्णय ले लिया था। इस निर्णय से प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया था। इसके बाद गुरुवार देर शाम को समाजजनों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई चर्चा उपरांत सौहार्दपूर्ण माहौल में मोहर्रम पर जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया।

जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल में निकलेंगे अखाड़े
समाजजनों ने निर्णय लिया है कि मोहर्रम पर पहले 16 सितंबर को बड़ी मंडी का अखाड़ा निकलेगा। इसके बाद 18 और फिर 20 सितंबर को सभी अखाड़े निकलेंगे। जिस बात को लेकर जुलूस नहीं निकालने का निर्णय लिया गया था उसे समस्या को भी मिल बैठकर हल कर लिया गया है। अब पूरे जिले में मोहर्रम पर जुलूस निकाला जाएगा।
- अब्दुल करीम अब्बासी, अध्यक्ष शेख जमीयतुुल अब्बासी (भिस्ती बिरादरी) समाज कन्याण समिति

Published on:
13 Sept 2018 11:27 pm