नीमच

नीमच जिले का मनासा क्षेत्र फिल्म शूटिंग और पर्यटन का नया केंद्र

कैर सांगरी प्रोडक्शन की थ्रिलर वेब सीरीज से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान, स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा बड़ा मंच

3 min read
Jun 02, 2026
Neemuch Breaking News
स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा बड़ा मंच

कैर सांगरी प्रोडक्शन की थ्रिलर वेब सीरीज से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान, स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा बड़ा मंच

नीमच. नीमच जिले का मनासा क्षेत्र अब केवल अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धीरे-धीरे फिल्म शूटिंग और पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में भी नई पहचान बना रहा है। क्षेत्र में लगातार वेब सीरीज और फिल्मों की शूटिंग होने से अब देशभर के फिल्म निर्माता यहां की प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों और रहस्यमयी लोकेशंस की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यही कारण है कि एक बार फिर मनासा क्षेत्र कला और सिनेमा की दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। कैर सांगरी प्रोडक्शन के बैनर तले बनने जा रही एक नई थ्रिलर वेब सीरीज की शूटिंग का मनासा में भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेब सीरीज के मुहूर्त एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक मारू ने दीप प्रज्वलित कर शूटिंग का विधिवत शुभारंभ किया।

मुंबई से पहुंची 50 सदस्यीय टीम, 15 दिन तक चलेगी शूटिंग
इस थ्रिलर वेब सीरीज की शूटिंग के लिए मायानगरी मुंबई से लगभग 50 कलाकारों, तकनीशियनों और कू्र मेंबर्स की टीम मनासा पहुंच चुकी है। आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र के विभिन्न प्राकृतिक और रोमांचक स्थलों पर शूटिंग की जाएगी। अत्याधुनिक कैमरों और तकनीक के माध्यम से मनासा क्षेत्र की खूबसूरती को सिनेमाई अंदाज में दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म यूनिट प्रमुख मुकेश टांक ने बताया की, मनासा क्षेत्र की प्राकृतिक लोकेशंस किसी भी बड़े फिल्म प्रोजेक्ट के लिए अत्यंत उपयुक्त हैं। यहां के जंगल, पहाडिय़ां, नदी किनारे और शांत वातावरण थ्रिलर और एडवेंचर आधारित कहानियों को जीवंत रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कंजार्डा के जंगल और गांधीसागर बनेंगे केंद्र
वेब सीरीज की शूटिंग मुख्य रूप से मनासा, आसपास के ग्रामीण क्षेत्र, कंजार्डा के घने जंगल, रुपण माता मंदिर, झरनेश्वर महादेव, गुडिय़ा महादेव और गांधीसागर के तटीय और पथरीले इलाकों में की जाएगी। इन प्राकृतिक स्थलों का चयन कहानी की थ्रिलर पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब कोई क्षेत्र, फिल्म या वेब सीरीज के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देता है तो वहां पर्यटन गतिविधियों में तेजी आती है। मनासा क्षेत्र के साथ भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले समय में यहां फिल्म टूरिज्म की नई संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।

स्थानीय कलाकारों के लिए सुनहरा अवसर
इस वेब सीरीज की सबसे खास बात यह है कि इसमें स्थानीय कलाकारों और युवाओं को भी अभिनय का अवसर दिया जा रहा है। इससे क्षेत्र की छुपी हुई प्रतिभाओं को न केवल राष्ट्रीय मंच मिलेगा, बल्कि उन्हें मुंबई के अनुभवी कलाकारों और तकनीशियनों के साथ काम करने का अनुभव भी प्राप्त होगा। स्थानीय युवाओं में इस प्रोजेक्ट को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। युवाओं का मानना है कि यदि इसी प्रकार फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग लगातार होती रही तो मनासा क्षेत्र कला, अभिनय और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

पहले भी हो चुकी हैं शूटिंग
ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी मनासा एवं आसपास के क्षेत्रों में कई वेब सीरीज और फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। लगातार कलाकारों और फिल्म निर्माताओं का क्षेत्र में आगमन यह दर्शाता है कि मनासा अब फिल्म जगत के लिए पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि हमारे मनासा और गांधीसागर क्षेत्र में असीम प्राकृतिक सुंदरता है, जो फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रही है। यहां वेब सीरीज की शूटिंग होने से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मुहूर्त समारोह के दौरान कैर सांगरी प्रोडक्शन की टीम द्वारा अतिथियों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया।

Published on:
02 Jun 2026 11:41 am