नीमच

हर महीने 3 हजार की रिश्वत मांग रहे थे होमगार्ड कमांडेंट, उज्जैन लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा

Bribe Case : नीमच में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। सैनिक ने आरटीओ बेरियर पर तैनाती के बदले हर महीने रिश्वत मांगने की शिकायत की थी।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 3:37 PM IST
Bribe Case
लोकायुक्त की गिरफ्त में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट (फोटो सोर्स: Patrika)

Neemuch News : सरकार की तमाम सख्तियों और छापामार टीमों की लगातार कार्रवाईयों के बावजूद मध्य प्रदेश के सरकारी कार्यालयों से रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सूबे के नीमच से सामने आया है, जहां उज्जैन लोकायुक्त टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

आरोपी डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान पर होमगार्ड सैनिक की आरटीओ बेरियर पर तैनाती के एवज में हर महीने 3 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त की टीम ने ये कार्रवाई शहर में स्थित होमगार्ड कार्यालय कोट मोहल्ला में की है। मामले में एक अन्य होमगार्ड सैनिक की भूमिका भी सामने आई है। फिलहाल, टीम जांच में जुटी हुई है।

होमगार्ड सैनिक ने की थी शिकायत

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने बीते 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद दीक्षित से इसकी शिकायत कर मामला दर्ज कराया था। शिकायत के जरिए कहा गया था कि, होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान, कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से उससे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। आरोप था कि, नयागांव स्थित आरटीओ बेरियर पर उसकी तैनाती की गई थी। इस तैनाती के एवज में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट द्वारा हर महीने 3 हजार रुपए देने का दबाव बनाया जा रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान आकर सैनिक ने लोकायुक्त पुलिस से इसकी शिकायत की थी।

शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले का सत्यापन निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के जरिए कराया। जांच के दौरान आवेदक की शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की और ट्रैप प्लान तेयार किया। योजना के तहत लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को होमगार्ड कार्यालय कोट मोहल्ला नीमच में कार्रवाई की। यहां डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को सैनिक महेश थोरेचा से 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची टीम

ये पूरी कार्रवाई डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में हुई है। ट्रैप दल में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के साथ आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया और श्याम शर्मा शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त की टीम मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही थी। मामले में सैनिक बलवंत सिंह का नाम भी शिकायत में सामने आया है। लोकायुक्त टीम द्वारा दोनों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
12 Nov 2026, 3:37 PM IST
Published on: