
नीमच. जिले में अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और समाज विरोधी तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से नीमच पुलिस ने 4-5 जुलाई की दरमियानी रात व्यापक स्तर पर विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। गश्त के दौरान फरार वारंटियों की जांच की गई। होटल, लॉज, ढांबों आदि की औचक निरीक्षण किया गया।
कुल 121 वारंट किए गए तामील
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई में लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़, वारंटों की तामील, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई तथा संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की गई। गश्त के दौरान 40 स्थायी वारंट और 81 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 121 वारंट तामील किए। इनमें मादक पदार्थ तस्करी का एक, शरीर संबंधी अपराधों के 37 तथा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के 14 वारंट शामिल रहे। लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिहाज से इसे जिले की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
180 वाहनों की जांच कर साढ़े 23 हजार वसूले
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में 12 स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए, जहां 180 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 23 हजार 600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 112 सक्रिय निगरानी बदमाशों और 4 जिला बदर अपराधियों की औचक जांच कर उनके निवास, गतिविधियों और आजीविका के स्रोतों की जानकारी एकत्र कर रिकॉर्ड अपडेट किया। महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त चार आदतन अपराधियों की भी विशेष निगरानी की गई। अभियान में राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित भारी पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई में शामिल रहा।
कार से बरामद किया 60 किलो डोडाचूरा
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले के 53 होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई। संचालकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के ठहरने अथवा आने की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। गश्त के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 68 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 8 हजार 700 रुपए आंकी गई। वहीं सट्टा एक्ट के दो प्रकरणों में 730 रुपए नकद बरामद किए गए। नशामुक्त भारत अभियान के तहत थाना जावद पुलिस ने एक कार से 60 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस ने तस्करी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
56 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 56 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही देर रात धार्मिक स्थलोंए बैंकए एटीएम और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों का सुरक्षा निरीक्षण भी किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।