नीमच

नीमच जिले में बदमाशों की धरपकड़ करने रात में सडक़ पर उतरी पुलिस टीम

पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग गश्त, 120 वारंट तामील, 80 किलो डोडाचूरा जब्त, 21 प्रकरणों में कार्रवाई, कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने पकड़ा डोडाचूरा, रात में वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।

2 min read
Jun 15, 2026
Neemuch Breaking News
रात में वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।

नीमच. जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए नीमच पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। गश्त के दौरान पुलिस ने 120 वारंट तामील कराए, 80 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। आबकारी, सट्टा और अन्य अधिनियमों के तहत कुल 21 प्रकरण दर्ज किए।

जिले में 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग
अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया। इस दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों एवं गुंडा-बदमाशों की निगरानी, होटल-लॉज एवं ढाबों की जांच तथा महिला संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों की विशेष चेकिंग की गई। पुलिस ने जिले के 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 116 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 57 हजार 600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

140 बदमाश व दो जिला बदर अपराधियों की जांच
फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में कुल 120 वारंट तामील कराए गए। इनमें 38 स्थायी वारंट और 82 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित एक, शरीर संबंधी अपराधों के 56 तथा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के 27 वारंट प्रमुख रूप से शामिल रहे। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने 140 सक्रिय निगरानी बदमाशों और दो जिला बदर अपराधियों की भी जांच की। उनके निवास, गतिविधियों एवं आजीविका के संबंध में जानकारी एकत्रित कर रिकॉर्ड अपडेट किया गया। वहीं जिले के 83 होटल, लॉज एवं ढाबों की औचक जांच कर संचालकों को संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 17 प्रकरण दर्ज कर 75 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार 200 रुपए बताई गई है। इसके अलावा सट्टा एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर 5 हजार 320 रुपए नकद बरामद किए गए।

76 लोगों पर विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत थाना रतनगढ़ पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली। इसमें से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा 80 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन सहित मादक पदार्थ जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देेश्य से कुल 76 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त चार आदतन अपराधियों की विशेष निगरानी कर उनके चाल-चलन और गतिविधियों का रिकॉर्ड भी अपडेट किया गया। पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों, बैंकों, एटीएम और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Published on:
15 Jun 2026 11:35 am