
नीमच. नीमच जिले में मादक पदार्थ तस्करों के हौंसले काफी बढ़ गए हैं। अब बचाव के लिए खुलकर हथियारों का उपयोग करने लगे हैं। जब तस्करों केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की टीम ने घेरा तो ताबड़ तोड़ फायरिंग कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से सीबीएन टीम मुस्तैद थी। इसके चलते अनहोनी नहीं हुई।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीबीएन की मध्यप्रदेश इकाई ने सोमवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा और अफीम जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तस्करों और सीबीएन की विशेष निरोधक टीम के बीच फायरिंग भी हुई। जवाबी कार्रवाई में वाहन के टायर को निशाना बनाकर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सीबीएन के अनुसार विशेष गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीबीएन की विशेष टीम ने मध्यप्रदेश में मलखेड़ा फंटा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने की योजना बनाई। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन मौके पर पहुंचा। टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन में सवार चालक और उसके साथी ने बेरिकेडिंग तोड़ते हुए तेज गति से वाहन भगा दिया। पीछा करने पर आरोपियों ने सीबीएन दल पर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आत्मरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से सीबीएन टीम ने नियंत्रित जवाबी कार्रवाई करते हुए वाहन के पिछले टायर को निशाना बनाया, जिससे टायर क्षतिग्रस्त हो गया। टायर पंचर होने के बावजूद तस्करों ने वाहन नहीं रोका और लगभग 8 किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे। आखिरकार ग्राम दुदारसी स्थित बालाजी रेस्टोरेंट के सामने वाहन रुक गया। इसके बाद दोनों आरोपी वाहन छोडकऱ भाग निकले। फरार होने से पहले उन्होंने सीबीएन टीम पर पिस्टल से फायरिंग भी की।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 64 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 1 हजार 349.910 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा तथा 0.580 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा वाहन से एक .315 बोर स्पोर्टिंग राइफल, दो जीवित कारतूस और पांच खाली खोखे भी जब्त किए गए। सीबीएन ने आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त डोडाचूरा, अफीम, पिकअप वाहन, राइफल, दो जीवित कारतूस और पांच खाली खोखों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया है। सीबीएन ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करों के पूरे नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।