नई दिल्ली

जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों की बस पर आतंकी हमला, 2 जवान शहीद, 12 घायल

आतंकवादियों ने कश्मीर में जम्मू-कश्मीर आर्म्ड पुलिस के जवानों को ले जा रही एक बस पर हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में 2 जवान शहीद हो गए और 12 जवान घायल हो गए हैं।

2 min read
Dec 13, 2021
12 policeman injured and 2 Martyr in jammu terrorists attack
12 policeman injured and 2 Martyr in jammu terrorists attack

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने आज फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। जानकारी के मुताबिक आतंकवादियों ने कश्मीर में जम्मू-कश्मीर आर्म्ड पुलिस के जवानों को ले जा रही एक बस पर हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में पुलिस 14 जवान घायल हो गए हैं। इनमें 4 जवानों की हालत गंभीर दी। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो जवानों ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि शहीद होने वाले जवानों में एक एएसआइ और एक सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल शामिल है। अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आतंकवादियों ने श्रीनगर के पंथाचौक के समीप स्थित जेबन में जिस बस पर हमला किया है। इस बस में जम्मू-कश्मीर आर्म्ड पुलिस की नौवीं बटालियन के जवान सवार थे।

मिली जानकारी के मुताबिक आतंकवादियों ने सोमवार शाम को श्रीनगर के पंथाचौक के साथ सटे जेबन में जम्मू-कश्मीर आर्म्ड पुलिस की बस पर अचानक हमला कर दिया। आतंकियों ने बस पर अंधाधुंध फायरिंग की। इससे पहले पुलिस के जवान संभलते तब तक आतंकी फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। माना जा रहा है कि आतंकी किसी वाहन पर सवाल होकर आए थे, जिससे वो आसानी से फरार हो गए।

बता दें कि एक नए आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं इस हमले के बाद सुरक्षाबलों और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इलाके में हर वाहनों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

बताया गया कि आतंकियों के इस हमले में बस में सवार एएसआइ गुलाम हसन, कांस्टेबल सज्जाद अहमद, कांस्टेबल रमीज अहमद, कांस्टेबल बिशम्बर दास, सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल संजय कुमार, सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल विकास शर्मा, कांस्टेबल अब्दुल माजिद, कांस्टेबल मुदासिर अहमद, कांस्टेबल रविकांत, कांस्टेबल शौकत अली, कांस्टेबल अरशद मोहम्मद, सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल शफीक अली, कांस्टेबल सतवीर शर्मा और कांस्टेबल आदिल अली घायल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा की है। साथ ही शहीदों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की जानकारी मांगी है। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्पाल मनोज सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को हरसंभव इलाज मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। हमारी पुलिस और सुरक्षाबल आतंकवाद की बुरी ताकतों को बेअसर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Published on:
13 Dec 2021 08:41 pm