नई दिल्ली

सोशल मीडिया पर तालिबान को समर्थन करने वाले 14 लोगों को असम पुलिस ने किया गिरफ्तार

भारत में तालिबान का समर्थन करने वालों पर पुलिस सख्ती से निपट रही है। इसी बीच असम पुलिस ने सोशल मीडिया पर तालिबान के समर्थन में पोस्ट करने वाले 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

less than 1 minute read
Aug 21, 2021
तालिबान का समर्थन करने वाले भारतीयों पर कार्रवाई

नई दिल्ली। तालिबान का समर्थन कर रहे भारतीय पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में असम में सोशल मीडिया पर तालिबान का समर्थन करने वाले 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक ये लोग सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान में तालिबान राज का समर्थन कर रहे थे। इन लोगों ने तालिबान के समर्थन में पोस्ट भी किए थे। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने शनिवार को पूरे असम से चौदह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अधिकारी ने दी जानकारी
असम में हुई गिरफ्तारियों के संबंध में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ऐसे लोगों को चिंह्ति कर शुक्रवार रात से ही गिरफ्तारियां शुरू कर दी थीं। पुलिस ने इनपर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, आईटी अधिनियम और सीआरपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि हम भड़काऊ पोस्ट के लिए अलर्ट पर हैं और सोशल मीडिया पर निगरानी रख रहे हैं।

पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कामरूप मेट्रोपॉलिटन, बारपेटा, धुबरी और करीमगंज जिलों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, दरांग, कछार, हैलाकांडी, साउथ सलमारा, गोलपारा और होजई जिलों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने लोगों से की ये अपील

उप महानिरीक्षक वायलेट बरुआ ने कहा कि असम पुलिस सोशल मीडिया पर तालिबान समर्थक टिप्पणियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें और इस संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। हम ऐसे लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

Published on:
21 Aug 2021 02:44 pm
Also Read
View All