Delhi News: यमुना में गणेश मूर्ति का विसर्जन करने गए तो हजारों रुपयों की चपत लग सकती है। जानिए, दिल्ली में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए किन स्थानों को चुना गया है?
Delhi News: दिल्ली के निवासी गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन यमुना नदी में नहीं कर सकेंगे। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए एक बार फिर प्रतिमा विसर्जन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन दिशा-निर्देशों को मुताबिक अगर कोई यमुना नदी में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करते हुए पाया जाता है तो उस पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। DPCC का कहना है कि प्राकृतिक मिट्टी से ही गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया जाना चाहिए।
गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए तीन स्थानों को फाइनल कर दिया गया है। इनमें करोल बाग स्थित अजमल खान पार्क, कोतवाली क्षेत्र का गोपाल मालिक पार्क और सिविल लाइंस शामिल है। हालांकि दो जगहों के बारे में जल्द ही बताया जाएगा।
इसके अलावा कृत्रिम तालाब का निर्माण भी स्थानीय निकाय की ओर से किया जाएगा। जहां श्रद्धालु गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी करने को DPCC ने कहा है। इसके अलावा लोगों से DPCC ने अपील की है कि मूर्तियां बनाने के लिए प्राकृतिक मिट्टी का इस्तेमाल किया जाए।
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली की बीजेपी सरकार ने आगामी 2 सालों में यमुना नदी का पुनरुद्धार करने के लिए एक व्यापक 45 सूत्रीय एक्शन प्लान शुरू कर दिया है।