नई दिल्ली

मोबाइल चार्जर की तार से घोंटा गला, 7 साल बड़ी लिव-इन पार्टनर की हत्या… आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

Maharashtra crime news: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, युवक ने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटा और सुसाइड दिखाने की कोशिश की, 20 दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आया।

2 min read
मृतक महिला की फोटो

Maharashtra crime news:महाराष्ट्र चंद्रपुर जिले में एक युवती की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। दरअसल, यहां पर एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने इस कत्ल को 'आत्महत्या' का रूप देने की पूरी कोशिश की, लेकिन वारदात के 20 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी चालाकी पर पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के अनुसार, सोनापुर निवासी 22 वर्षीय अंकेश योगेश बहिरवार की मुलाकात अपने पति से अलग रह रही 29 वर्षीय प्रियंका (तुकुम निवासी) से हुई थी, जिसके बाद उम्र में 7 साल का फासला होने के बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे दुर्गापुर में प्रियंका के घर की ऊपरी मंजिल पर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। हालांकि, कुछ समय बाद ही उनके रिश्तों में कड़वाहट आ गई। जांच में सामने आया है कि प्रियंका अक्सर अंकेश पर विभिन्न बातों को लेकर दबाव बनाती थी और उसे उसके परिवार से संपर्क करने से रोकती थी, जिससे उपजे मानसिक तनाव और आपसी विवाद ने अंततः इस खौफनाक वारदात का रूप ले लिया।

ये भी पढ़ें

महिला से संबंध…फिर विवाद, खुन्नस में 6 साल की बच्ची और 79 साल की बुजुर्ग को मार डाला आरोपी

रची गई 'सुसाइड' की झूठी कहानी

वारदात वाली रात (14 मार्च) को झगड़ा इतना बढ़ा कि अंकेश ने गुस्से में आकर कमरे में रखे मोबाइल चार्जर के तार से प्रियंका का गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शातिर दिमाग लगाते हुए इसे खुदकुशी दिखाने की कोशिश की। उसने प्रियंका के पिता को फोन कर घबराते हुए कहा कि प्रियंका बेहोश है और शायद उसने सुसाइड कर लिया है। परिजन जब ऊपर पहुंचे तो प्रियंका बेसुध पड़ी थी, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ 'डेडली' खुलासा

शुरुआत में पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु या आत्महत्या के एंगल से देखा, लेकिन गुरुवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि प्रियंका की मौत दम घुटने से हुई है। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने अंकेश को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई

दुर्गापुर पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चार्जर का तार और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी अंकेश के खिलाफ हत्या (Section 302 IPC/BNS) का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप में बढ़ते तनाव और हिंसक मोड़ की ओर इशारा करती है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़ें

132 खातें और 60 करोड़…तंत्र-मंत्र के नाम पर गजब का खेल, 57 परिवारों के 100 खातों को हैंडल करता था ‘रेपिस्ट बाबा’

Also Read
View All

अगली खबर