नई दिल्ली

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जाएंगे राज्यसभा? ‘आप’ नेताओं ने साफ की तस्वीर

Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

2 min read

Aam Aadmi Party: दिल्ली चुनाव में मिली करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और शीर्ष नेतृत्व को लेकर अटकलों का बाजार फिर से गरमा गया है। पहले आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार में बड़े फेरबदल की संभावना जताई गई। अब पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाने की अटकलों के बीच अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) में से किसी एक के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे अफवाह बताया है। हालांकि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने इसपर अभी तक चुप्पी साध रखी है।

पंजाब के ‘आप' नेताओं ने दिया मिला-जुला बयान

अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चाओं का जहां पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह सांधवान ने समर्थन किया है। वहीं 'आप' के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने इसे अफवाह बताया। पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह सांधवान ने ट्रिब्यून इंडिया से कहा "हर पार्टी का अपना फैसला होता है कि वो किसे राज्यसभा के लिए या चुनाव में उम्मीदवार बनाती है। इसमें गलत क्या है? मनमोहन सिंह भी दूसरे राज्य से राज्यसभा गए थे।"

केजरीवाल और सिसोदिया को लेकर अफवाह फैलाने का दावा

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा "पंजाब में उपचुनाव की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। विपक्षी दल अफवाहें फैलाने लगे हैं। अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) के पंजाब से राज्यसभा जाने वाले बयान में कोई सच्चाई नहीं है। राज्यसभा के लिए किसे चुनाव जाएगा। यह पंजाब उपचुनाव के नतीजे आने के बाद तय होगा। पार्टी के सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार को ही राज्यसभा भेजा जाएगा।" वहीं आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने पीटीआई-भाषा से कहा "अरविंद केजरीवाल पूरे देश में पार्टी के विस्तार के लिए काम कर रहे हैं। वह फिलहाल राज्यसभा नहीं जाएंगे, क्योंकि उनपर देश में पार्टी के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी है।"

आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता ने क्या कहा?

एक बयान में 'आप' (Aam Aadmi Party) की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा "जहां तक अरविंद केजरीवाल की बात है तो पहले मीडिया के सूत्रों ने कहा था कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब वे कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाएंगे। मीडिया के ये दोनों ही सूत्र पूरी तरह गलत हैं। केजरीवाल 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक हैं और वह एक राज्य तक सीमित नहीं हैं।"

केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चा ने क्यों पकड़ा जोर?

दरअसल, पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की पिछले महीने लाइसेंसी हथियार से दुर्घटनावश चली गोली लगने से मौत हो गई थी। इसके चलते अब लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इसमें पंजाब से आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाने की चर्चा हो रही है।

61 साल के संजीव अरोड़ा कृष्‍ण लुधियाना में ही प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट भी चलाते हैं। अगर संजीव अरोड़ा को उपचुनाव में जीत मिलती है तो उन्हें राज्यसथा की सदस्यता छोड़नी पड़ेगी। ऐसे में राज्यसभा की खाली सीट भरने के लिए अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया में से किसी एक को चुना जा सकता है। इसीलिए कयासों का बाजार गरमा गया है।

Also Read
View All

अगली खबर