अरविंद केजरीवाल की नजरें अब 2024 पर टिक गई हैं। बताया तो ये भी जा रहा है कि केजरीवाल सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टक्कर देने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी पार्टी ने भी 2024 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार के तौर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम की घोषणा कर दी है।
अगले लोकसभा चुनावों में अभी करीब 2 साल का वक्त बाकी है, लेकिन तमाम दलों ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस रेस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल हैं, वो अपनी आम आदमी पार्टी (AAP) को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी हर राज्य में चुनाव लड़ रही है। वहीं, दिल्ली और पंजाब में सत्ता कायम करने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार के तौर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम की घोषणा कर दी है। यह घोषणा पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस संबोधित करते हुए की।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर शुक्रवार को CBI की छापेमारी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर नाराजगी जताते हुए संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी उनकी पार्टी को अन्य राज्यों में अपना प्रभाव बढ़ाने से नहीं रोक पाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि 2024 का लोकसभा चुनाव "केजरीवाल बनाम मोदी" होगा। उन्होंने कहा, "2024 में अगला लोकसभा चुनाव AAP बनाम भाजपा होगा यानी यह मोदी बनाम केजरीवाल होगा।"
आप नेता ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए आगे कहा, "मैं फिर कह रहा हूं कि आप केजरीवाल या हमारे शिक्षा, स्वास्थ्य मॉडल को नहीं रोक सकते हैं। आप हमारे स्वास्थ्य मंत्री या शिक्षा मंत्री को अरेस्ट कर सकते हैं, लेकिन दिल्ली का कोई काम नहीं रुकेगा। यदि आप केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को टारगेट करना चाहते हैं तो ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन पूरा देश देख रहा है। भारत को दुनिया में नंबर वन बनाने का मिशन नहीं रुकने वाला है।"
आप नेता ने एक अमेरिकी अखबार में सिसोदिया की तस्वीर के साथ दिल्ली शिक्षा मॉडल की प्रशंसा करने वाली खबर को "पेड न्यूज" बताने के लिए भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "यह वही अखबार था जिसने COVID लहर के दौरान मोदी सरकार के "मिसमैनेजमेंट" को प्रकाशित किया था। कुछ अशिक्षित वर्ग के लोगों ने सुबह से ही यह खबर फैला दी है कि यह USA के अखबार में एक पेड न्यूज थी।
आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के नाम का ऐलान ऐसे समय पर किया है जब कांग्रेस पार्टी की ओर से राहुल गांधी अघोषित उम्मीदवार हैं तो पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और हाल ही में भाजपा को झटका देकर महागठबंधन में लौटे नीतीश कुमार भी 2024 में खुद को दावेदार के तौर पर पेश कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी ने पीएम पद के दावेदार के तौर पर केजरीवाल के नाम का ऐलान भले ही आज किया हो, लेकिन इसके संकेत पंजाब में पार्टी की जीत के बाद से ही मिलने लगे थे।
यह भी पढे़ं: मनीष सिसोदिया के घर CBI रेड के बीच अरविंद केजरीवाल ने जारी किया खास नंबर, जानिए क्या कहा