
Cockroach Janta Party Protest: नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के दोस्त और सोसाइटी के गार्ड का बयान सामने आया है। अभिजीत के दोस्त ने पुलिस प्रशासन और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सवाल किया है कि क्या देश में अब कानून-व्यवस्था का कोई सम्मान नहीं रह गया है। उन्होंने उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि अभिजीत दीपके किसी फाइव स्टार होटल या आलीशान फ्लैट में ठहरे हैं।
अभिजीत के दोस्त ने कहा कि जंतर-मंतर के पास स्थित यह उनका निजी आवास है। उन्होंने कहा कि जब एक नौजवान दिल्ली में आंदोलन करने आता है, तो उसकी मदद करना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस कपड़े बदलने या फ्रेश होने का कोई इंतजाम नहीं करने दे रही है। ऐसे में एक दोस्त होने के नाते मेरा फर्ज बनता है कि मैं उसे नहाने और फ्रेश होने की जगह दूं। वह सिर्फ 5-10 मिनट के लिए यहां आता था।
अभिजीत के दोस्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस को शहर में होने वाले मर्डर और रेप सीसीटीवी कैमरों में दिखाई नहीं देते। पिछले दिनों दिल्ली में 50 से ज्यादा वारदातें हुईं, लेकिन पुलिस का पूरा ध्यान इस बात पर है कि 30 साल का एक नौजवान 15 मिनट के लिए कहां जा रहा है। टैक्सपेयर्स के पैसे का इस्तेमाल सुरक्षा के बजाय जासूसी के लिए किया जा रहा है।
दोस्त के मुताबिक, लद्दाख के प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सुबह जंतर-मंतर से बिना किसी वारंट, पुलिस ऑर्डर या हाई कोर्ट के आदेश के अवैध रूप से हटा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान अभिजीत दीपके को भी करीब 30 मिनट तक नीचे ही रोके रखा गया ताकि वे सोनम वांगचुक के पास न पहुंच सकें। इतना ही नहीं, सोनम वांगचुक की पत्नी तक को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।
मकान पर तैनात सुरक्षा गार्ड अनंत सिंह ने बताया कि पिछले 5-7 दिनों से यहां पुलिस का कड़ा पहरा है। गार्ड ने बताया कि जब से प्रदर्शनकारी यहां आने-जाने लगे हैं, उनके पीछे-पीछे सादे कपड़े में पुलिस वाले आते हैं। रोज रात-दिन में 5 से 6 गाड़ियां किसी भी वक्त आती हैं और बिना किसी तय टाइम के खड़ी रहती हैं। बार-बार गेट खोलने की परेशानी के चलते रात को गेट खुला ही छोड़ना पड़ता है।
उधर, CJP ने किया बड़ा दावा
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने बड़ा दावा किया है। सीजेपी ने बयान जारी कर कहा कि उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को बदनाम करने और उसमें गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और दिल्ली पुलिस के करीब 30 से 40 लोग प्रदर्शन स्थल के भीतर घुस आए हैं। उनका आरोप है कि ये लोग प्रदर्शन के दौरान जानबूझकर भारत-विरोधी और भड़काऊ बयान देंगे, ताकि आंदोलन को उग्र और विवादित दिखाया जा सके। सीजेपी ने अपील करते हुए कहा कि हमें ऐसे शरारती तत्वों को तुरंत बेनकाब कर उनसे दूरी बनानी होगी, क्योंकि ये लोग न तो CJP से जुड़े हैं और न ही सोनम वांगचुक के वास्तविक समर्थक हैं।