
प्रशासन नहीं दे रही संसद मार्च की अनुमति
CJP Delhi protest updates; सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस के द्वारा जबरन अस्पताल ले जाने के बाद यह आंदोलन अब बेहद तनावपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विरोध प्रदर्शन स्थल पर बाहरी तत्वों के घुसने का एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर दावा किया है। दूसरी तरफ, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को संसद मार्च निकालने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है।
CJP नेतृत्व ने एक बड़ा बयान जारी करते हुए दावा किया है कि उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को बदनाम करने और उसमें गड़बड़ी फैलाने की साजिश रची जा रही है। CJP ने कहा कि 'भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दिल्ली पुलिस के करीब 30 से 40 लोग प्रदर्शन स्थल के भीतर घुस आए हैं। ये लोग आज प्रदर्शन के दौरान जानबूझकर भारत-विरोधी और भड़काऊ बयानबाजी करने की कोशिश करेंगे, ताकि आंदोलन को उग्र और विवादित दिखाया जा सके।' CJP ने आंदोलनकारियों से अपील करते हुए कहा कि हमें ऐसे शरारती तत्वों को तुरंत बेनकाब करना होगा और उन्हें खुद से अलग करना होगा, क्योंकि ये लोग न तो CJP के हैं और न ही सोनम वांगचुक के असली समर्थक हैं।
इस बीच, प्रदर्शनकारियों के 'संसद मार्च' के आह्वान पर दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि CJP को किसी भी कीमत पर संसद भवन की तरफ मार्च करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परमिशन न देने के पीछे की वजह बताते हुए पुलिस ने कहा है कि संसद भवन और उसके आसपास का इलाका राजधानी के सबसे संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्रों में आता है। वहां इतनी बड़ी भीड़ को जाने देना सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। इस मार्च के कारण लुटियंस दिल्ली (सेंट्रल दिल्ली) की सड़कों पर यातायात और भारी ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी हो सकती है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शनकारियों ने तय सुरक्षा घेरे (बैरीकेडिंग) को लांघने या उसे जबरन तोड़ने की कोशिश की, तो उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया जाएगा। पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है।
Updated on:
19 Jul 2026 12:48 pm
Published on:
19 Jul 2026 12:47 pm
