
नई दिल्ली : लुफ्थांसा एयरलाइंस की एयर होस्टेस अनेसिया बत्रा की मौत को अभी ज्यादा दिन नहीं हुए है कि एक और वैसी ही हत्या का मामला देश की राजधानी में प्रकाश में आया है। दिल्ली के छतरपुर में एक मकान में एक नवविवाहित युवती का सड़़े-गले हालत में शव मिला है। इस युवती की पहचान मूल रूप से बिहार पटना के रहने वाली 36 साल की अमिता के रूप में हुई है।
पुलिस को दहेज हत्या का शक
लाश मिलने के बाद पुलिस ने उसके पति दिवाकर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पति फरार है। पुलिस के अनुसार, दिवाकर अपनी के साथ दहेज के लिए मारपीट करता था। अमिता इसकी सूचना पुलिस को पहले भी दी थी। अमिता ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बताया था कि उसका पति दहेज के लिए उस पर दबाव बना रहा है और इसके लिए वह उसके साथ मारपीट भी करता है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को वुमेन सेल में ट्रांसफर कर दिया था।
ऐसे चला पता हत्या का
अमिता की हत्या हो चुकी है, इसका पता बहुत दिन तक किसी को नहीं था। जब बहुत दिनों तक फोन पर उसकी बात अपने परिजनों से नहीं हुई तब एक दिन उसकी तलाश में उसकी बहन छतरपुर उसके मकान डी-27 में पहुंची, जहां वह रहती थी। वहां पहुंच कर जब उसने कुंडी खटखटाया तो भीतर से कोई जवाब नहीं आया। वह अभी सोच ही रही थी कि क्या करें, तभी भीतर से बदबू का तेज झोंका आकर उसके नथुनों से टकराया। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका से वह कांप उठी और उसने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो उसने पाया कि कमरे में एक सड़ी-गली हालत लाश में पड़ी है। उसकी बहन ने बताया कि यह तो उसकी बहन अमिता है।
14 जून से मकान में अकेले थी अमिता
अमिता की बहन ने बताया कि उसकी बहन ने बताया था कि 14 जून को उसका पति मथुरा अपनी बहन के पास चला गया है और वह अकेले हैं। इसके बाद 20 जून तक तो उसकी बात अपने परिजनों से होती रही, लेकिन इसके बाद से उसकी बात किसी से नहीं हुई है। इस वजह से उसका शक है कि बीच में किसी दिन उसके पति आकर उनकी बहन की हत्या कर गया है।
बता दें कि शव की हालत इतनी बुरी थी कि उसका पोस्टमॉर्टम कराना भी संभव नहीं है। पुलिस विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि 14 जून को मथुरा जाने से पहले ही दिवाकर ने अमिता की हत्या कर दी थी।
दिल्ली से ही पढ़ी है अमिता
बता दें कि अमिता पढ़ाई दिल्ली से ही हुई है। पढ़ाई पूरी कर वह यहीं नौकरी करने लगी थी। इसी दौरान मैट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिये उसकी मुलाकात बिहार के बेगूसराय निवासी दिवाकर से हुई। दिवाकर गुरुग्राम की एक आइटी कंपनी में सीनियर टेक्निकल मैनेजर है। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों की घनिष्ठता बढ़ी और उन दोनों ने शादी का निर्णय ले लिया। अमिता की बहन का कहना है कि उसके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, लेकिन बेटी की जिद पर वह मान गए। पिछले ही साल तीन दिसंबर को पटना में दोनों की शादी हुई थी।