नई दिल्ली

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान की रनवे से टकराई पूंछ, दिल्ली से आई फ्लाइट ग्राउंडेड, वापसी की उड़ान रद्द

Air India Bengaluru Tailstrike Incident: दिल्ली से बेंगलुरु आई एयर इंडिया की फ्लाइट AI2651 लैंडिंग के दौरान टैलस्ट्राइक (Tailstrike) का शिकार हो गई। बोइंग 747 के टर्बुलेंस के कारण हुए हादसे के बाद विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है।

2 min read
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के विमान की रनवे से टकराई पूंछ

Air India Bengaluru Tailstrike Incident: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज एक बड़ा विमान हादसा होने से टल गया। दिल्ली से बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान 'टैलस्ट्राइक' का शिकार हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना के बावजूद विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सामान्य तरीके से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ये भी पढ़ें

Jaipur Airport Crisis : जयपुर में दो विमान के पायलटों ने खड़े किए हाथ, बोले-ड्यूटी खत्म, अब नहीं उड़ेंगे, यात्री चौंके

क्या होता है 'टैलस्ट्राइक' और कैसे हुआ हादसा?

विमानन भाषा में 'टैलस्ट्राइक' तब होता है, जब टेकऑफ (उड़ान भरते समय) या लैंडिंग (उतरते समय) के दौरान विमान के पिछले हिस्से का ढांचा (Tail) सीधे रनवे की सतह से टकरा जाता है।

बोइंग 747 के कारण बिगड़ा संतुलन!

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस समय एयर इंडिया का यह विमान लैंडिंग के लिए फाइनल अप्रोच पर था, उससे ठीक पहले एक विशालकाय बोइंग 747 (Boeing 747) विमान ने वहां से उड़ान भरी थी। बोइंग 747 के शक्तिशाली इंजनों के कारण हवा में भारी अशांति और तेज झोंके (Wind Turbulence) पैदा हो गए थे। एयर इंडिया के पायलट को शायद यह अहसास हो गया था कि इस स्थिति में लैंडिंग करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए उन्होंने स्टैंडर्ड प्रोसीजर के तहत विमान को दोबारा हवा में ले जाने यानी 'गो-अराउंड' (Go-Around) का फैसला किया। इसी प्रक्रिया के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया।

एयरबस A321 ग्राउंडेड, दिल्ली जाने वाली उड़ान रद्द

अधिकारियों ने बताया कि यह विमान एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI2651 थी, जो एक नैरो-बॉडी 'एयरबस A321' (Airbus A321) मॉडल है। टैलस्ट्राइक की इस घटना के बाद किसी भी संरचनात्मक नुकसान (Structural Damage) की जांच के लिए विमान को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर ही ग्राउंडेड (उड़ान भरने पर रोक) कर दिया गया है। इस तकनीकी निरीक्षण के कारण, बेंगलुरु से दिल्ली के लिए इसकी जो वापसी की उड़ान थी, उसे रद्द करना पड़ा है।

यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, जांच के आदेश

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने इस घटना पर दुख जताया है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि 'एयर इंडिया यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करती है। हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेंगलुरु में हमारी ग्राउंड टीमें प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता और दिल्ली भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं।'

एयरलाइन ने आगे बताया कि इस पूरी घटना की स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार और नागरिक उड्डयन नियामक प्राधिकरणों (DGCA) के साथ समन्वय स्थापित कर गहन जांच की जाएगी।

Published on:
21 May 2026 04:28 pm
Also Read
View All