Arvind Kejriwal: दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पहले भाजपा पर लोगों के वोट कटवाने का आरोप लगाया। अब भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है।
Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं। वैसे-वैसे देश की राजधानी में सियासत में उबाल आ रहा है। दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर वोट कटवाने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। इसके बाद भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है। दरअसल, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शाहदरा, जनकपुरी, लक्ष्मी नगर और अन्य सीटों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग में आवेदन दिए हैं।
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "अरविंद केजरीवाल डरे हुए हैं, क्योंकि दिल्ली में फर्जी रोहिंग्या और बांग्लादेशी वोट पकड़े जा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा "अरविंद केजरीवाल की चोरी पकड़ी जा रही है। इसलिए वह बौखला रहे हैं।" शुक्रवार को प्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक लिस्ट दिखाते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "अगर मैं इस लिस्ट के नाम पढूंगा तो केजरीवाल को दिक्कत हो जाएगी।"
वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा "दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी एक भी फर्जी वोट नहीं पड़ने देगी। इसी के चलते मोतीनगर विधानसभा में पूरी छानबीन की गई है। इस दौरान 6584 मतदाता ऐसे हैं। जिसमें कुछ लोग मर गए हैं तो कुछ लोग दूसरी जगहों पर चले गए। ऐसे में इन लोगों को दिल्ली में वोट देने का अधिकार है क्या? दिल्ली में आम आदमी पार्टी अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को घुसा रही है।" सचदेवा ने कहा "केजरीवाल कह रहे हैं कि शाहदरा में एक लाख 86 हजार मतदाता हैं। यह आंकड़ा गलत है। शाहदरा में एक लाख 97 281 मतदाता हैं। जबकि 177 कुल बूथ हैं।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ओखला विधानसभा सीट की एक लिस्ट दिखाते हुए दावा किया यहां एक भी शख्स नहीं है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि इस लिस्ट में मौजूद नाम पढूंगा तो अरविंद केजरीवाल को दिक्कत होगी। इस दौरान उन्होंने महमूद सनी, अंजुम, शेख मुस्ताद अहदम, नुसरा बेगम जैसे कई नाम पढ़कर लोगों को सुनाए। वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल से सवाल पूछते हुए कहा "कब तक इन बाग्लादेशी और रोहिंग्यों पर निर्भर होकर सरकार बनाते रहोगे। इसलिए कह रहा हूं। इस बार किसी भी बूथ पर फर्जी वोट नहीं पड़ने दिया जाएगा।"