
Delhi NCR Air Pollution: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नगर निकायों को प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के लिए जमीन पर लगातार और प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
भूपेंद्र यादव ने गुरुवार को तुर्किये के अंताल्या से दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के नगर निकायों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित शहरों के विंटर एक्शन प्लान और प्रदूषण नियंत्रण के लिए अब तक किए गए उपायों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने नगर निगमों को खुले में नगर निगम के कचरे, सूखे पत्तों और बायोमास को जलाने पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने हर वार्ड में क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय करने और प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों पर कुछ घंटों के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को भी कहा।
भूपेंद्र यादव ने रोजाना पैदा होने वाले कचरे के पूरी तरह प्रसंस्करण और पुराने कचरे के निपटारे की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने खास तौर पर भलस्वा और ओखला लैंडफिल साइट पर लंबित लिगेसी वेस्ट के निपटारे के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में सड़क की धूल को नियंत्रित करने के लिए सड़क मरम्मत में तेजी लाने और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सर्दियों में इन मशीनों का जरूरत के मुताबिक डबल शिफ्ट में इस्तेमाल करने को कहा गया। उन्होंने GPS के जरिए मशीनों की निगरानी, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पर्यवेक्षण और सड़कों से धूल, गाद तथा निर्माण सामग्री हटाने की रोजाना व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
केंद्रीय मंत्री ने निर्माण और विध्वंस (C&D) साइटों पर धूल नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा। उन्होंने व्हील-वॉशिंग सुविधाओं को चालू करने और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। गंभीर रूप से नियमों का पालन नहीं करने वाली साइटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद करने को कहा गया। उन्होंने साफ किया कि निर्माण स्थलों के आसपास ‘नो विजिबल डस्ट’ का लक्ष्य होना चाहिए।
भूपेंद्र यादव ने प्रदूषण हॉटस्पॉट के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करने और प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए विशेष एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लागू GRAP के सभी प्रावधानों को बिना किसी अपवाद के सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।मंत्री ने नगर निकायों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा करने और कमजोर प्रदर्शन करने वाले निकायों के खिलाफ सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों की रियल टाइम निगरानी करने और शिकायत को बंद करने से पहले मौके पर जाकर समाधान की पुष्टि करने का भी निर्देश दिया।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि पूरे सर्दी के मौसम में प्रदूषण के खिलाफ प्रयास लगातार जारी रहने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि हर वार्ड में रोजाना प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जमीन पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए सख्त प्रवर्तन, लगातार निगरानी, नागरिकों की भागीदारी और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।