
नई दिल्ली। Bihar Weather Forecast Today. बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर पड़ने से राज्य में भारी बारिश की उम्मीद नहीं है। हालांकि स्थानीय कारणों के चलते प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बिजली चमकने और बादल के गरजने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, सीतामढ़ी और शिवहर में हल्की बारिश हो सकती है। जानकारी के मुताबिक राजधानी पटना में शनिवार की सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और रिमझिम बारिश हो रही है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से निजात मिली है।
बता दें कि मानसून के कमजोर पड़ने से राज्य में गर्मी और उमस वापस आ गई है, इससे एक बार फिर से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक राजधानी में शुक्रवार की सुबह से ही गर्मी का कहर देखने को मिला। वहीं दिन चढऩे के साथ गर्मी और तल्ख होती चली गई। आज कई इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को राहत महसूस हो सकती है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में राजस्थान के जैसलमेर से लेकर उड़ीसा के पारादीप तक मानसून की ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बना हुआ है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से जारी तात्कालिक पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को सारण, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, नालंदा, बेगूसराय, सहरसा, मधेपुरा, खगडि़या, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, कटिहार आदि जिलों में बारिश के आसार हैं।
गौरतलब है कि कई दिनों तक लगातार हुई बारिश से बिहार में बहने वाली ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। राज्य में गंडक, कोसी, महानदी, गंगा, बूढ़ी गंडक और बागमती जैसी प्रमुख नदियां बीते कई दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं राज्य के कई इलाके बाढ़ से जूझ रहे हैं। जानकारी के मुताबि बिहार में करीब 20 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं जबकि इस विभीषिका से 53 लोगों की मौत भी हुई है।