
Samrasta Sankalp Yatra 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) 18 नवंबर से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ शुरू करने जा रही है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली यह यात्रा 16 दिनों तक चलेगी। 2,402 किलोमीटर लंबी यात्रा पंजाब के जालंधर से शुरू होकर 3 दिसंबर को वाराणसी के काशी में समाप्त होगी।
बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान बीजेपी एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम भी मौजूद रहे।
बीजेपी के मुताबिक, ‘समरसता संकल्प यात्रा’ पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान 100 से ज्यादा छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इनमें केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के जरिए गुरु रविदास जी के सामाजिक समानता, सद्भाव और ‘बेगमपुरा’ की अवधारणा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। बीजेपी के अनुसार, ‘बेगमपुरा’ ऐसे समाज की कल्पना है जहां भेदभाव और दुख के लिए कोई जगह न हो।
लाल सिंह आर्य ने बताया कि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के सालभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से हुई थी। पार्टी के मुताबिक, अब तक देशभर में करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं, 30 हजार से अधिक संतों से संपर्क और 51 हजार ‘समरस दीप महोत्सव’ आयोजित किए जा चुके हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लाल सिंह आर्य ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने वरिष्ठ सपा नेता रामगोपाल यादव पर आगरा में एक दलित सम्मेलन के दौरान दलित समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आर्य ने इसे पूरे दलित समाज का अपमान बताते हुए सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामाजिक समूहों को राजनीतिक रूप से प्रभावित करने की रणनीति है और सपा दलितों, पिछड़ों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी नेता ने सपा को ‘दलित विरोधी’ और ‘संविधान विरोधी’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, कांशीराम, ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले के विचारों की अनदेखी की है। उन्होंने सपा सरकार के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए संविदा नियुक्तियों और पदोन्नति में आरक्षण से जुड़े लाभ खत्म करने तथा दलित महापुरुषों के नाम पर चल रही योजनाओं को बंद करने के आरोप लगाए। उन्होंने कांशीराम नगर, भीमनगर और ज्योतिराव फुले नगर जैसे जिलों के नाम बदले जाने का भी मुद्दा उठाया।
आर्य ने 2 जून 1995 को लखनऊ में मायावती से जुड़ी घटना का जिक्र करते हुए सपा के दलित कल्याण संबंधी रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस और सपा दोनों पर दलित और पिछड़े वर्गों के साथ राजनीतिक तौर पर विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि आने वाले चुनावों में जनता उनकी कथित ‘दलित विरोधी राजनीति’ का जवाब देगी।