Delhi Assembly Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में 15 RDX धमाकों और साइनाइड गैस का जिक्र किया गया है। सुरक्षा बल अलर्ट पर, जांच जारी।
Delhi Assembly Bomb Threat: राजधानी दिल्ली में विधानसभा परिसर में बम धमाका करने की लगातार धमकी दी जा रही है। एक बार और उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आधिकारिक मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। दरअसल, धमकी में दावा किया गया था कि अगले 3 घंटे के भीतर विधानसभा कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 15 आरडीएक्स (RDX) बमों के जरिए सिलसिलेवार धमाके किए जाएंगे। इस सनसनीखेज धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई है।
आपको बता दें कि इस बार जो धमकी भरा मेल भेजा गया है उसमें बेहद भड़काऊ और अजीबोगरीब भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें कहा गया है कि धमाकों से पहले वहां मौजूद केवल मुस्लिम कर्मचारियों को तुरंत हटा लिया जाए। इसके अलावा, मेल में दक्षिण भारत की राजनीति, ब्राह्मण समुदाय और डीएमके (DMK) का जिक्र करते हुए बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। ईमेल भेजने वाले ने एस.वी. शेखर का नाम लेते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें 'बीजेपी ब्राह्मण एजेंट' के तौर पर भेजा गया है और इसी के विरोध में विधानसभा को उड़ाने की धमकी दी गई है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। बम निरोधक दस्ता (BDT) और डॉग स्क्वायड की टीमें विधानसभा परिसर के कोने-कोने की जांच कर रही हैं। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही है।
यह पहला मामला नहीं है जब दिल्ली के प्रमुख सरकारी संस्थानों को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले 9 अप्रैल को भी दिल्ली विधानसभा, सचिवालय, कुछ स्कूलों और एक मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ाने का ईमेल भेजा गया था। उस दौरान भी सुबह करीब 8:14 बजे ईमेल भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आज के ईमेल का तार पिछली घटनाओं से जुड़ा है।
दिल्ली पुलिस के साइबर सेल की टीम ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह शरारतपूर्ण हरकत कहां से की गई है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।