नई दिल्ली

जीजा ने बर्थडे पार्टी पर दिया तमंचा, उसी के दम पर दोस्तों में जमाता था रौब; आरोपी ने गाजियाबाद पुलिस के सामने उगला सच

Ghaziabad firing case: गाजियाबाद के मसूरी में निर्माणाधीन मकान में चोरी और फायरिंग करने वाले आरोपी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे अवैध तमंचा दो साल पहले उसके जीजा ने बर्थडे पार्टी में गिफ्ट किया था। पुलिस ने हथियार बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Ghaziabad theft case
निर्माणाधीन मकान में चोरी और फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Ghaziabad crime news: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में चोरी और फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी ने बताया कि जिस तमंचे का इस्तेमाल वह चोरी के दौरान करता था, वह उसे करीब दो साल पहले उसके जीजा ने बर्थडे पार्टी के मौके पर तोहफे में दिया था। उसी तमंचे के सहारे वह दोस्तों के बीच रौब भी जमाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद कर लिया है।

मकान में चोरी के दौरान की थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद तमकीन के निर्माणाधीन मकान में 26 जून की रात चोरी की वारदात हुई थी। इसी दौरान मकान मालिक की नजर चोरों पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी पकड़े जाने के डर से फायरिंग करते हुए मौके से भागने लगे। इस दौरान मकान मालिक ने एक आरोपी की पहचान सलमान के रूप में कर ली थी।

एक दिन पहले ही पकड़े गए थे दो साथी

मसूरी थाना प्रभारी हरेंद्र मलिक ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर सलमान, वारिस और बिलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले वारिस और बिलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब मुख्य आरोपी सलमान भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पूछताछ में उसने माना कि चोरी के दौरान उसी ने लोगों को डराने और भागने के लिए फायरिंग की थी।

पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह आठवीं तक पढ़ा है। करीब दो साल पहले वह दिल्ली के मंडोली इलाके में अपने जीजा के एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था। वहीं उसके जीजा नईम ने उसे बिना किसी पैसे के एक तमंचा तोहफे में दे दिया था। आरोपी का कहना है कि इसके बाद वह उसी तमंचे को लेकर दोस्तों के बीच अपना रौब दिखाता था। सलमान ने यह भी बताया कि उसके जीजा नईम की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी है।

पहले भी कर चुका है चोरी

पूछताछ के दौरान सलमान ने यह भी कबूल किया कि वह और उसके साथी इससे पहले भी चोरी की एक वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब उससे अन्य मामलों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी को मिला अवैध तमंचा कहां से आया था और कहीं उसका इस्तेमाल दूसरी वारदातों में तो नहीं किया गया।

Updated on:
29 Jun 2026 06:50 pm
Published on:
29 Jun 2026 06:45 pm