
Children Kidnapping: दिल्ली में दो सनसनीखेज घटनाओं ने राजधानी को हिला कर रख दिया है। दोनों मामलों में आरोप बेहद हैरान करने वाले हैं। मामला दो बच्चों के अपहरण से जुड़ा है, जहां अपहर्ता बच्चों के जान पहचान वाले ही निकले। दोनों अपहर्ताओं पर आरोप है कि उन्होंने पहले बच्चों का अपहरण किया। इसके बाद बच्चे लौटाने के बदले उनकी मां पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। दोनों बच्चों की मांओं ने पुलिस को दी शिकायत में ये भी बताया कि आरोपियों ने कहा कि उन्होंने उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने से मना किया तो बच्चों की हत्या कर देंगे। बच्चों के अपहरण के बदले मां से शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड पर पुलिस भी हैरान रह गई। हालांकि शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। इस दौरान पता चला कि आरोपी बच्चों और उनकी मांओं को पहले से जानते थे।
पहली घटना शाहदरा जिले के कृष्णा नगर थाने की है। यहां एक महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसके पड़ोसी ने उसके तीन साल के बेटे का अपहरण कर लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। जब उसने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तो आरोपी ने बदला लेने के लिए उसके बेटे को किडनैप कर लिया।
शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार, आरोपी और पीड़िता के बीच पिछले दो महीनों से जान-पहचान थी। शुरू में आरोपी ने दोस्ती के बहाने नजदीकियां बढ़ाईं, लेकिन धीरे-धीरे उसने महिला पर शादी और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। महिला के मना करने पर आरोपी ने इलाज के बहाने महिला के तीन साल के बेटे को घर से बाहर ले जाकर अगवा कर लिया। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलते ही एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 30 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी के कॉल डिटेल्स की जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिहार भाग गया है। पुलिस ने कई राज्यों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह बार-बार अपनी लोकेशन बदलता रहा। आखिरकार जब आरोपी ने किसी परिचित से व्हाट्सऐप वीडियो कॉल की, तो उसकी लोकेशन सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेस हो गई। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने स्थानीय रेलवे पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने घटना को अकेले अंजाम दिया या किसी की मदद ली।
दूसरा मामला पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी थाने का है। यहां एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसका सात साल का बेटा सुबह स्कूल जाने के बाद वापस घर नहीं लौटा। महिला ने शक जताया कि बच्चे के लापता होने के पीछे उसके पूर्व लिव-इन पार्टनर का हाथ है। शिकायत के अनुसार, आरोपी व्यक्ति का स्वभाव हिंसक और अधिकार जताने वाला था। महिला ने बताया कि वह पहले उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुकी है, लेकिन आरोपी के शक और मारपीट की प्रवृत्ति के कारण उसने उससे रिश्ता तोड़ लिया था।
इसके बाद आरोपी अक्सर महिला का पीछा करता और उसे धमकाता था कि अगर उसने किसी और से संबंध बनाए, तो वह उसके बेटे को नुकसान पहुंचा देगा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला के आरोप सही पाए गए हैं। आरोपी ने बच्चे को अगवा कर महिला पर फिर से संबंध बनाने का दबाव डालने की कोशिश की। पुलिस की टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया है।
दोनों मामलों में पुलिस ने अपहरण और यौन उत्पीड़न से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या आरोपियों का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या उन्होंने यह वारदातें व्यक्तिगत दुश्मनी और जुनून में आकर कीं। राजधानी में एक के बाद एक इन दोनों घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।