
South Delhi girl: सोशल मीडिया पर एक साउथ दिल्ली की कंटेंट क्रिएटर इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल, युक्ता सेठी ने हाल ही में एक वीडियो शेयर कर फरवरी महीने में अपने पूरे खर्च का खुलासा किया, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक महीने में करीब 4 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए।
युक्ता सेठी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि उनकी दो इनकम सोर्स हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने फाइनेंस और मार्केटिंग में पढ़ाई की है और वह एक एजुकेशन कंसल्टिंग फर्म में एसोसिएट के तौर पर काम करती हैं। इसके अलावा उनकी दूसरी कमाई कंटेंट क्रिएशन से होती है। वीडियो में युक्ता ने बताया कि फरवरी में उनका पहला बड़ा खर्च ट्रैवल पर हुआ, जिस पर करीब 21 हजार रुपये खर्च हुए। इस दौरान वह वियतनाम, मुंबई और अलीबाग भी गई थीं। हालांकि उन्होंने कहा कि वियतनाम ट्रिप का ज्यादातर खर्च उनके माता-पिता ने उठाया, इसलिए उनका ट्रैवल खर्च कम रहा।
इसके बाद उन्होंने शॉपिंग पर करीब 60 हजार रुपये खर्च किए। इनमें से 30 हजार रुपये उन्होंने मुंबई के एक स्टोर स्टाइल जंकी से शॉपिंग पर खर्च किए। हालांकि उनके कुल खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा इन्वेस्टमेंट में गया। युक्ता ने बताया कि फरवरी में उन्होंने करीब 2.8 लाख रुपये निवेश किए, जिसमें म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट शामिल हैं। खाने-पीने की बात करें तो उन्होंने बाहर खाने पर करीब 17 हजार रुपये खर्च किए, जबकि कॉफी पर करीब 3 हजार रुपये खर्च हुए। इसके अलावा उन्होंने अपने इंस्टाग्राम चैनल @yuks.explores के लिए 17 हजार रुपये एडिटिंग और अन्य तकनीकी कामों पर खर्च किए।
इसके अलावा ग्रूमिंग पर करीब 3 हजार रुपये, सब्सक्रिप्शन पर 4,100 रुपये और अन्य खर्चों पर करीब 1,800 रुपये खर्च हुए। इस तरह फरवरी में उनका कुल खर्च 4,08,131 रुपये रहा। वीडियो के अंत में युक्ता सेठी ने यह भी बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ रहती हैं, इसलिए उन्हें किराया नहीं देना पड़ता। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग कमेंट कर उनसे यह भी पूछ रहे हैं कि वह अपने पैसे का निवेश कैसे करती हैं।
Published on:
05 Mar 2026 02:24 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
