
AI फोटो
Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तरफ पूरा शहर होली के रंग में रंगा हुआ था और लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेल रहे थे, लेकिन उसी गुलाल की आड़ में कुछ बदमाशों ने अपना मकसद पूरा कर लिया। दरअसल, होली खेलने के बहाने चार बदमाश एक कारोबारी के घर में घुस गए और चाकू की नोक पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। जान से मारने की धमकी देकर वे कारोबारी के घर से जेवरात, नकदी, फोन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। सभी आरोपी चेहरे पर गहरा रंग लगाकर आए थे, ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
आपको बता दें कि यह पूरा मामला जिले के देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके का है। यहां पर पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोहल्ले में सभी लोग होली के रंग में रंगे हुए थे और विनोद कुमार व उनकी पत्नी घर पर ही थे। तभी कुछ लोग दरवाजा खटखटाने लगे। उन्हें लगा कि कोई होली की बधाई देने के लिए आया होगा, इसलिए उन्होंने बिना कुछ सोचे गेट खोल दिया। गेट खोलते ही आरोपियों ने बिना कुछ बोले घर में घुसना शुरू कर दिया। परिवार ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें धक्का मारते हुए घर में घुस गए। अंदर आते ही बदमाशों ने गेट बंद किया और हथियार निकालकर धमकाने लगे।
देखते ही देखते बदमाशों ने चाकू और तमंचा निकाल लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए वे पूरे घर की तलाशी करने लगे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बदमाश घर में रखी अलमारी से नकदी, जेवरात, कारोबारी की पत्नी के कंगन, दो मोबाइल फोन समेत कई कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चार संदिग्ध गली में आते-जाते दिखाई दिए। हालांकि उनके चेहरों पर होली का रंग लगा होने के कारण उनकी पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
इस घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश करने की कोशिश कर रही है। मामले में पुलिस अधीक्षक CO प्रथम मयंक पाठक ने जानकारी दी कि होली के दिन घर में घुस कर चोरी की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार युवक होली की बधाई देने के बहाने घर के अंदर पहुंचे और वहां से नकदी व आभूषण लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
Updated on:
05 Mar 2026 11:37 am
Published on:
05 Mar 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
