दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जनता भाजपा से नाराज हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है।
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का खेल खत्म हो चुका है। जनता भाजपा से नाराज हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख ने यह भी कहा कि लोगों को पता है कि वह भाजपा ही है, जिसने दिल्ली सरकार के कामकाज में रोड़े अटकाने का काम किया है। अब लोकसभा चुनाव में यहां की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी।
भाजपा के सांसदों से खासी नाराज जनता
दरअसल, सीएम अरंविद केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट कर कहा कि जनता भाजपा के सांसदों से खासी नाराज है। जनता आम आदमी की दिल्ली सरकार से बहुत खुश हैं। वहीं, जनता भाजपा से इस बात पर भी बहुत नाराज है कि भाजपा ने दिल्ली सरकार के कामों में रोड़े अटकाए। 2019 लोकसभा चुनावों में भाजपा को दिल्ली में बड़ा झटका लगने वाला है।
तनख्वाह बाढ़ग्रस्त केरल राज्य के लिए करेंगे दान
वहीं, दूसरी ओर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उनकी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक और सांसद अपनी एक महीने की तनख्वाह बाढ़ग्रस्त केरल राज्य के लिए दान करेंगे। केजरीवाल ने ट्वीट का बताया कि सभी आप विधायक, सांसद और मंत्री केरल के लिए अपनी एक महीने की तनख्वाह दान कर रहे हैं। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को बाढ़ ग्रस्त केरल को 10 करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की थी। केरल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या शनिवार को 180 पहुंच गई। राज्य में कई जगहों पर बचाव कार्य जारी है।