CM Rekha Gupta Decision: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कूड़े का पहाड़ बने भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया। इस दौरान बांसरोपण अभियान शुरू करते हुए उन्होंने 'बांस का बगीचा' तैयार करने का ऐलान किया।
CM Rekha Gupta Decision: दिल्ली में कूड़े का पहाड़ बने भलस्वा लैंडफिल साइट की सूरत अब जल्दी ही बदलने वाली है। इसके लिए दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने यहां 'बांस का बगीचा' लगाने की तैयारी की है। मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कूड़े का पहाड़ बने भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा किया। जहां एलजी और सीएम ने दिल्ली सरकार के विकसित भारत 2047 के विजन के तहत बायोमाइनिंग, भूमि सुधार और ग्रीन दिल्ली की दिशा में 'बांसरोपण अभियान' का शुभारंभ किया। इसके तहत मंगलवार को यहां बांस के 2000 पौधे रोपे गए।
मंगलवार को एलजी वीके सक्सेना और सीएम रेखा गुप्ता को दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन भी दिखाई। भलस्वा लैंडफिल साइट मौजूद कार्यालय में दिखाई गई प्रेजेंटेशन में बताया गया इस लैंडफिल साइट में पौधों से चारदीवारी की जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली में प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के हिसाब से नीति तैयार की गई है। इससे कूड़े के पहाड़ को कम किया जा सकता है। इस दौरान दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सासंद योगेंद्र चंदोलिया भी मौजूद रहे।
दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना और सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भलस्वा लैंडफिल साइट पर बांसरोपण अभियान की शुरुआत की। दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने कहा “दिल्ली में एक नई पहल की गई है। इस अभियान के तहत 2000 बांस के पौधे लगाए गए हैं और अगले एक से डेढ़ महीने में 54,000 और पौधे लगाए जाएंगे। बांस का चयन इसलिए किया गया है, क्योंकि यह 30% अधिक ऑक्सीजन प्रदान करता है।” उन्होंने आगे कहा “भाजपा सरकार दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में बांसरोपण अभियान शहर के वायु प्रदूषण को कम करने में मददगार साबित होगा। बांस के पौधों की खासियत यह है कि इन्हें कम पानी की जरूरत होती है और यह तेजी से बढ़ते हैं।”
इस दौरान दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा “कूड़े के पहाड़ की नियमित निगरानी की जाएगी और तीनों लैंडफिल साइटों पर लगातार ध्यान दिया जाएगा। अगले एक साल में कूड़े के ढेर की ऊंचाई को कम किया जाएगा और यहां हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। दिल्ली BJP सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और आने वाले समय में कई नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। दिल्ली को स्वच्छ बनाना BJP सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।”
इस दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा “पिछली सरकार ने लैंडफिल साइट पर जमा कूड़े को कम करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। जबकि केंद्र सरकार के सहयोग से कूड़े की रिसाइक्लिंग के लिए कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के प्रोजेक्ट्स में भी लैंडफिल साइट के कचरे का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही डीडीए की जमीन को समतल करने में भी इसका इस्तेमाल हो रहा है। दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद लाखों टन मलबे को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है। यह पिछली सरकार में नहीं किया गया था।”
गौरतलब है कि 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइट के मुद्दे को लगातार उठाया था। चुनाव पूर्व भाजपा ने दिल्ली की जनता से राजधानी को प्रदूषण मुक्त बनाने का वादा किया था, जिसे पूरा करने के लिए सरकार अब तेजी से काम कर रही है।