Crime आरोप है कि सौतेली मां के साथ पिता ने भी दो दिन तक बच्ची को पीटा और फिर उसे ठंड में मकान की छत पर डाल दिया।
Crime गाजियाबाद के डासना की यह घटना आपके रोंगटे खड़े कर देगी। यहां जल्लाद बनी एक मां ने सौतेली बच्ची को इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसकी पसलियां तक तोड़ डाली। इसके बाद उसे मकान की छत पर छोड़ दिया। गंभीर चोटों और ठंड से बच्ची की मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट देखकर पुलिसकर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। पीएम रिपोर्ट के अनुसार बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे। कई पसलियां टूटी हुई थी और दो पसलियां तो कई जगह से टूटी हई थी। सिर और सीने में मास फटने से खून भरा हुआ था। पीएम करने वाले डॉक्टर ने कहा कि इस तरह तो कोई जल्लाद ही बच्ची को पीट सकता है। इस क्रूरता के आरोपी बच्ची की सौतेली मां निशा और पिता मोहम्मद अकरम को पुलिस ने हिरासत ले लिया है।
पुलिस पूछताछ में मां के साथ-साथ पिता ने भी मासूम के साथ मारपीट करने की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस अब इन दोनों के खिलाफ FIR की तैयारी कर रही है। वेव सिटी सर्किल की सहायक पुलिस आयुक्त एसीपी प्रियश्री पाल ने घटना के बारे में बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट बेहद हैरान कर देने वाली है। रिपोर्ट में बच्ची के शरीर में लगी 13 गंभीर चोटों का जिक्र किया गया है। इन गंभीर चोटों के अलावा बच्ची की पसलियों में कई फ्रैक्चर और सिर व सीने के अंदर काफी रक्तस्राव भी पाया गया है। इससे साफ पता चलता है कि माता-पिता इतने क्रूर हो गए कि उन्होंने बच्ची को बुरी तरह से पीटा और इसी पिटाई की वजह से उसकी मौत हो गई।
वेव सिटी थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने मीडिया कर्मियों को बताया कि, आरोपियों ने दो दिन तक बच्ची के साथ क्रूरता की। इतना ही नहीं बच्ची को मारने की नीयत से रात में कड़ाके की ठंड के बीच छत पर छोड़ दिया। शनिवार को पिटाई की और फिर रविवार रात को भी पीटा। इससे बच्ची बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी इसे अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गए। सोमवार सुबह इस बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस अब उन अस्पतालों में भी जांच करेगी जहां बच्ची को ले जाया गया था। पुलिस यह पता लगाएगी कि उन अस्पतालों में बच्ची को क्या उपचार दिया गया था ताकि इस घटना के एक-एक पहलू का पता लगाया जा सके।
बच्ची की पिटाई और मौत की खबर उसकी जैविक मां के भाई यानी मामा मोहम्मद मुजम्मिल ने पुलिस को दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बच्ची को उसके पैतृक गांव में दफना दिया गया। मामा ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि दिवंगत बहन के दो और बच्चे हैं। आशंका जताई कि उनके साथ भी इस तरह की घटना घट सकती है। पुलिस ने दोनों अन्य बच्चों से भी बात करने की कोशि की है लेकिन अभी ये बच्चे कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। इन बच्चों की मां की पिछले दिनों मौत हो गई थी।