नई दिल्ली

CUET UG 2026 Topper: ‘रिजल्ट देखकर विश्वास ही नहीं हो रहा था कि ऑल इंडिया टॉप किया’, देविना ने कहा- कई बार एप्लीकेशन नंबर मिलाती रही

CUET UG 2026 Topper: सीयूईटी यूजी 2026 में 1232.19 अंक हासिल कर देविना गहलोत ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की। टॉपर बनने की उम्मीद नहीं रखने वाली देविना अब दिल्ली विश्वविद्यालय के इस खास कॉलेज में दाखिला लेना चाहती हैं।
2 min read
Jun 24, 2026
CUET UG AIR 1, CUET UG 2026 Result, Devina Gehlot Interview
photo ANI x handle

CUET UG 2026 Topper: सीयूईटी यूजी 2026 में पूरे देश में पहला स्थान हासिल करने वाली देविना गहलोत ने बताया कि उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी कि वह ऑल इंडिया टॉप करेंगी। देविना कहती हैं, मुझे लगा था कि पेपर अच्छा गया है और कोई अच्छा कॉलेज मिल जाएगा, लेकिन यह उम्मीद नहीं थी कि मैं टॉप कर जाऊंगी। उन्होंने बताया कि रिजल्ट देखने के बाद उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। वह बार-बार रिजल्ट देखती रहीं कि कहीं देखने में कोई गलती तो नहीं हो गई। उन्होंने एप्लीकेशन नंबर भी दो-तीन बार मिलाकर देखा कि कहीं गलत नंबर तो नहीं डाल दिया गया है।

'माता-पिता और स्कूल के बदौलत यहां तक पहुंची'

देविना अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता, बहन और स्कूल को देती हैं। उनका कहना है, मुझे लगता है कि मेरी मेहनत से ज्यादा सबके सपोर्ट की वजह से मैं यहां तक पहुंची हूं। कभी किसी ने मुझ पर दबाव नहीं डाला, इसलिए मैं इतना अच्छा प्रदर्शन कर पाई। वरना मुझे नहीं लगता कि मैं यह कर पाती। देविना को साहित्य और अंग्रेजी पढ़ना-लिखना काफी पसंद है। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता करने का कोई प्लान नहीं है, लेकिन इसी दिशा में कुछ करना चाहती हैं। वहीं, देविना के पिता, पूर्व परिवहन मंत्री और बिजवासन के विधायक कैलाश गहलोत का कहना है, मैं जब भी बेटी से पूछता था कि पढ़ाई को लेकर सीरियस है ना, तो देविना का हमेशा यही जवाब होता था कि पापा, हो जाएगा। कैलाश गहलोत ने कहा कि उन्हें बेटी की इस कामयाबी पर बहुत खुशी है।

देविना ने किस विषय में हासिल किए कितने अंक?

दिल्ली के डीपीएस वसंत कुंज की छात्रा देविना गहलोत ने पूरे देश में पहली रैंक हासिल की है। उन्होंने 1250 में से 1232.19 अंक हासिल किए हैं। इससे पहले भी देविना 12वीं कक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर चुकी हैं। विषयों की बात करें तो देविना ने अंग्रेजी में 99.99 पर्सेंटाइल हासिल किया, जबकि अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान में 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए। उनके इस शानदार प्रदर्शन से परिवार में खुशी का माहौल है। देविना की इस कामयाबी पर उनके पिता और बीजेपी विधायक कैलाश गहलोत ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और लगन का नतीजा है।

दिल्ली के इस टॉप कॉलेज में दाखिला लेंगी देविना

देविना गहलोत अब आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में दाखिला लेना चाहती हैं। 1232.19 अंकों के शानदार स्कोर के साथ ऑल इंडिया टॉपर बनीं देविना ने न सिर्फ लाखों छात्रों को प्रेरित किया है, बल्कि अब हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर वह कौन-सा कॉलेज है जहां पढ़ने का सपना देश के टॉप छात्र देखते हैं।

Published on:
24 Jun 2026 01:59 pm