Delhi Crime: चाकू गोद-गोद कर 2 युवकों पर बेरहमी से हमला किया गया। एक युवक की लाश खून से लथपथ मिली। मामले की जांच में पुलिस की टीम जुट गई है।
Delhi Crime: दिल्ली के मालवीय नगर थाना इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार सुबह खिड़की एक्सटेंशन के जे ब्लॉक में 2 युवकों पर चाकू से हमला किया गया। हमले में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हत्या, हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है। पुलिस को सूचना मिली कि खिड़की एक्सटेंशन के जे ब्लॉक में दो युवकों पर हमला हुआ और दोनों सड़क पर खून से लथपथ पड़े हैं। इसके बाद घायलों को मदन मोहन मालवीय अस्पताल ले जाया गया। जहां एक घायल शख्स की मौत हो गई।
हमले में मारे गए युवक का नाम विवेक बताया जा रहा है जो मूल रूप से आगरा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। विवेक रेस्टोरेंट में काम करता था। विवेक के शव को ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया है। वहीं दूसरे युवक का नाम अमन बताया जा रहा है। अमन DLF में काम करता था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि 4 लड़कों ने विवेक और अमन पर हमला किया। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही इस घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।